राजस्थान-गुजरात सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जब्त की करीब 50 लाख रुपये की शराब
Sirohi News: दीपावली के निकट शराब की तस्करी पर नियंत्रण के लिए सिरोही पुलिस टीम ने अवैध शराब से भरे टैंकर को पकड़ा है. टैंकर में 526 शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं. ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया.

Rajasthan News: दीपावली के नजदीक होने पर शराब तस्कर सक्रिय देखे जा रहें है. उन्हीं पर नकेल कसने को लेकर सिरोही पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार भी फिलहाल अपनी पूरी टीम के साथ ताबड़तोड़ एक्शन में है. आज एक बार फिर आबूरोड रीको थाना पुलिस ने अवैध शराब से भरे टैंकर को पकड़ा है. जिसमें से 526 अवैध शराब की पेटियां जब्त की है. पुलिस अधीक्षक ने बताया की पुलिस ने टैंकर ड्राइवर को गिरफ्तार किया है. मामले को लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है.
एक बड़े टैंकर को विशेष तरिके से तैयार करके उसमे खांचे बनाकर शराब की खेप भरी गई. किसी को शक न हो इसलिए यह नया तरीका अपनाया गया. अक्सर इस प्रकार के टैंकर में ऑयल पेट्रोल डीजल जैसे ईंधन को ले जाया जाता है, लेकिन अब तस्कर भी इस प्रकार के टैंकरों का उपयोग शराब तस्करी में कर रहे हैं.
नाकाबंदी के दौरान हुई कार्रवाई
माउंट आबू डीएसपी गोमाराम ने बताया-राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित मावल चौकी पर लगातार नाकेबंदी कर अवैध शराब पर कार्रवाई की जा रही है. इसी सिलसिले में शुक्रवार को थाना कार्यवाहक थानाधिकारी पूराराम के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान संदेह होने पर एक डीजल के टैंकर को रुकवाया गया. इस दौरान ड्राइवर से पूछताछ में शक हुआ.
जिस पर टैंकर की तलाशी ली गई तो जिसमें टैंकर के ऊपर 4 ब्लॉक लगे थे, जिसमें से तीन खुले थे और एक बंद था. इस पर पुलिस को शक हुआ. पुलिस ने जब टैंकर को चेक किया तो उसमें अवैध शराब भरी हुई थी. टैंकर के पीछे वाल्व लगा हुआ था. ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके.
7 करोड़ रुपये किए गए थे बरामद
पुलिस ने टैंकर के एक हिस्से को कटर मशीन की मदद से काटा और शराब की पेटी की गिनती की गई. इस दौरान 526 पेटी टैंकर से बरामद की गईं. जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये आंकी जा रही है. सिरोही पुलिस की यह पिछले तीन दिन में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है. बुधवार को एक ट्रक से 292 पेटी अवैध शराब की पकड़ी थी तो गुरुवार (25 अक्टूबर) को एक कार से हवाला के 7 करोड़ रुपये बरामद किए गए थे.
वही आज शुक्रवार (25 अक्टूबर) को बड़ी कार्रवाई करते हुए टैंकर से अवैध शराब की खेप पकड़ी. जिसकी कीमत 50 लाख से अधिक है. दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस लगातार एक्शन में है और राजस्थान गुजरात बॉर्डर पर लगातार वाहनों की गहनता से तलाश की जा रहीं है.
तुशार पुरोहित की रिपोर्ट.














