जालंधर सहित पंजाब के इन जिलों में बंद रहेंगे स्कूल, भारी बारिश की चेतावनी के बाद फैसला
Punjab School Closed: मौसम विभाग की तरफ से भारी बारिश की चेतावनी के बाद जालंधर सहित पंजाब के कई जिलों में स्कूल बंद करने का फैसला किया गया है.

पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जालंधर में भी जिला प्रशासन का बड़ा फैसला सामने आया है. मौसम विभाग की तरफ से दी गई चेतावनी के बाद जालंधर में भी स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी हो गए हैं. डीसी ने कहा है कि पूरे पंजाब में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है और आने वाले समय में भी भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
स्कूलों तक जाने वाले रास्तों में भरा पानी
आदेश में कहा गया कि यह ध्यान में आया है कि भारी बारिश के कारण कई स्कूलों तक जाने वाले रास्तों में पानी भर गया है, जिससे स्कूलों में तैनात स्टाफ और बच्चों का स्कूल आना-जाना बहुत मुश्किल हो गया है. इसलिए परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला जालंधर के सभी सरकारी/प्राइवेट स्कूलों में दिनांक 26.8.2025 को छुट्टी की घोषणा का ऐलान किया जा रहा है. इन आदेशों को जिला जालंधर में पूर्ण रूप से लागू कराने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा/एलिमेंट्री शिक्षा) को जिम्मेदार बनाया जाता है.
इन जिलों में भी बंद रहेंगे स्कूल
बता दें कि इससे पहले होशियारपुर, अमृतसर, फाजिल्का और पठानकोट जिले के स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया था, लेकिन अब जालंधर के स्कूलों में भी छुट्टी की घोषणा कर दी गई है. जिसके चलते कल यानि 26 अगस्त को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे. जिला मजिस्ट्रेट आशिका जैन ने होशियारपुर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 26.08.2025 और 27.08.2025 (मंगलवार और बुधवार) को अवकाश की घोषणा की.
अगले दो दिन भारी बारिश की संभावना
बता दें कि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है. प्रशासन को आशंका है कि भारी बारिश के चलते जलभराव और अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए डीसी ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए छुट्टी की घोषणा की है.


















