'ये पंजाब में BJP का बढ़ता विश्वास', AAP विधायक पार्टी में हुए शामिल तो बोले सतीश पूनिया
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के तीन विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने बीजेपी में शामिल हो गए हैं.

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों ने झटका देते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया. वहीं अब इसको लेकर बीजेपी के पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि ये पीएम मोदी के नेतृत्व के प्रति पंजाब में बढ़ते विश्वास का प्रतीक है.
सतीश पूनिया ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "आम आदमी पार्टी सरकार के कुशासन, जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी से त्रस्त होकर पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की."
'ये पंजाब में बीजेपी का बढ़ता विश्वास'
उन्होंने आगे लिखा, "बीजेपी में शामिल होने का उनका निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों के प्रति पंजाब में बढ़ते विश्वास को दर्शाता है. आप सभी का बीजेपी परिवार में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन.
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों ने सोमवार को पंजाब बीजेपी चीफ और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बीजेपी का दामन थाम लिया. आप के बागी विधायकों ने दावा किया पंजाब को अब बीजेपी की सख्त जरूरत है और बीजेपी सरकार ही प्रदेश से नशे का अंत कर सकती है.
पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने क्या कहा?
वहीं इसको लेकर पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि दिल्ली में 'आम आदमी पार्टी' के तीन विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौरमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह बीजेपी में शामिल हो गए. प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करने के लिए तीनों साथियों का स्वागत करता हूं. अब समय है एक साथ आकर पंजाब के हर घर तक विकास और शांति पहुंचाई जाए.
'लोगों को बीजेपी पर भरोसा'
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज हम बहुत खुश हैं. हमारे साथ जुड़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और लोगों को बीजेपी पर पूरा भरोसा है. लोग जानते हैं कि पंजाब में विकास और तरक्की तभी संभव है, जब राज्य में 'डबल इंजन' की सरकार हो. आज 'आप' के तीन विधायक बीजेपी में शामिल हुए हैं, जिनमें सरकार के एक कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं. आने वाले दिनों में कई और नेता बीजेपी में शामिल होंगे.
ये भी पढ़ें: 'BJP को कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने की आदत', पंजाब में मची भगदड़ पर बोले सौरभ भारद्वाज






















