Maharashtra: चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत पर India Post ने विशेष कैंसलेशन किया जारी, जानें- क्या है महत्व?
Maharashtra News: इंडिया पोस्ट ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में विशेष कैंसलेशन जारी किया. यह डाक टिकट संग्रहकों और क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक अनमोल स्मृति चिह्न है.

India Post News: चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में इंडिया पोस्ट (India Post) ने 10 मार्च को पुरुष क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए एक विशेष कैंसलेशन जारी किया. महाराष्ट्र सर्कल के मुख्य डाक महाप्रबंधक अमिताभ सिंह ने इस विशेष आयोजन की घोषणा की. यह कैंसलेशन 9 मार्च 2025 को दुबई में खेले गए भारत बनाम न्यूजीलैंड के फाइनल मैच की ऐतिहासिक जीत को चिह्नित करता है. यह विशेष कैंसलेशन भारतीय क्रिकेट टीम की जीत, राष्ट्रीय गौरव और खेल भावना को दर्शाता है.
विशेष कैंसलेशन का महत्व
यह न केवल भारत की क्रिकेट उपलब्धि को सम्मानित करता है, बल्कि डाक टिकट संग्राहकों और क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक यादगार स्मृति भी है. इस विशेष डाक कैंसलेशन के विमोचन समारोह का आयोजन मुंबई जीपीओ में किया गया. इस कार्यक्रम में मुंबई क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल सुचिता जोशी, महाराष्ट्र सर्कल के निदेशक (डाक सेवा एवं व्यावसायिक विकास) मनोज कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और डाक विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.
भारत की क्रिकेट विरासत का सम्मान
मुख्य डाक महाप्रबंधक अमिताभ सिंह ने कहा कि यह विशेष कैंसलेशन भारत की खेल उपलब्धियों को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है. फिलाटेली (डाक टिकट संग्रहण) के माध्यम से इस ऐतिहासिक जीत को यादगार बनाया गया है. यह कैंसलेशन मुंबई जीपीओ में आम जनता के लिए उपलब्ध है, जिससे क्रिकेट और डाक प्रेमी इसे एक यादगार संग्रह के रूप में अपना सकते हैं.
इंडिया पोस्ट का यह कदम भारत की क्रिकेट उपलब्धियों को न केवल यह डाक को संग्रह करने का खास मौका देती है, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों और इतिहास के गवाह बनने वालों के लिए एक अनमोल धरोहर भी साबित होती है. इस तरह की पहल से भारत की खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और राष्ट्रीय गर्व को नई पहचान मिलती है. इंडिया पोस्ट का यह प्रयास उन लोगों के लिए भी खास है, जो क्रिकेट और डाक टिकट संग्रहण दोनों में रुचि रखते हैं.
ये भी पढ़ें - 'संभाजी महाराज को उनके...', औरंगजेब की तारीफ करने वाले अबू आजमी ने छत्रपति को लेकर अब क्या कहा?























