Madhya Pradesh News : जीएसटी बढ़ाने पर उज्जैन में उबाल, कपड़ा व्यापारियों दी ये चेतावनी
Madhya Pradesh News: केंद्र सरकार द्वारा कपड़े पर जीएसटी बढ़ाने के फैसले का उज्जैन में जबरदस्त विरोध किया गया. इस फैसले के खिलाफ कपड़ा व्यापारियों चेतावनी दी है.

Madhya Pradesh News: केंद्र सरकार द्वारा कपड़े पर बढ़ाई जा रही जीएसटी का विरोध तेज हो गया है. उज्जैन में कपड़ा बाजार बंद रहा. व्यापारियों ने जीएसटी बढ़ाए जाने के विरोध में प्रदर्शन भी किया और आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी. उज्जैन के विक्रमादित्य क्लॉथ मार्केट में गुरुवार को दुकानों के ताले तक नहीं खुले. व्यापारियों ने थोक मार्केट में ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया. वीडी मार्केट व्यापारी एसोसिएशन के मनीष चौधरी ने बताया कि पूर्व में केंद्र सरकार द्वारा 5% जीएसटी लिया जाता था लेकिन इसे 1 जनवरी 2022 से बढ़ाकर 12% किया जा रहा है. इससे कपड़ा व्यापार की कमर टूट जाएगी.
व्यापारियों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, मगर सरकार की ओर से अभी कोई अच्छे संकेत प्राप्त नहीं हुए इसलिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. व्यापारी राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि कपड़ा बाजार वैसे ही मंदी के दौर से गुजर रहा है. ऐसी स्थिति में सरकार द्वारा जीएसटी बढ़ाए जाने से कई व्यापारी अपना व्यापार तक बंद कर देंगे.
इसके अलावा इसका पूरे देश में व्यापक स्तर पर असर पड़ेगा. सरकार द्वारा अभी तक जिस प्रकार की व्यवस्था की गई है, उसे ही आगे जारी रखा जाना चाहिए. व्यापारी द्वारा स्पष्ट रूप से अल्टीमेटम दिया गया है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो आने वाले समय में सड़क पर उतर कर उग्र आंदोलन किया जाएगा. उज्जैन के वीडी मार्केट के अलावा डाबरी पीठा व्यापारी एसोसिएशन और पावर लूम एसोसिएशन ने भी जीएसटी बढ़ाए जाने का विरोध दर्ज कराया है.
इसे भी पढ़ें :























