MP News: रतलाम पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 3 साल से फरार आतंकी 'सब्जी' गिरफ्तार
MP News: राजस्थान के निंबाहेड़ा में 2022 में हुए RDX बरामदगी मामले में फरार चल रहे आतंकी फिरोज/सब्जी को रतलाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. NIA, राजस्थान पुलिस और एमपी पुलिस 3 साल से उसकी तलाश में थे.

Ratlam Police arrested terrorist News: रतलाम पुलिस ने आज (2 अप्रैल) एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3 साल से फरार आतंकी फिरोज खान उर्फ सब्जी को गिरफ्तार कर लिया है. ये आतंकी अलसूफा संगठन से जुड़ा हुआ आरोपी है जो 2022 में राजस्थान के निंबाहेड़ा में हुए विस्फोटक बरामदगी मामले में वांछित था. पुलिस ने उसे उसकी बहन के रतलाम स्थित मकान से धर दबोचा.
12 किलो RDX के साथ 2022 में पकड़े गए थे 4 लोग
28 मार्च 2022 में निंबाहेड़ा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से 12 किलो RDX बरामद किया था और इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद पुलिस ने इस आतंकी साजिश से जुड़े 10 और आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था, लेकिन मुख्य आरोपी फिरोज खान तब से फरार था. एनआईए (NIA), राजस्थान पुलिस (Rajasthan Police) और मध्य प्रदेश पुलिस (MP Police) 3 साल से उसकी तलाश में जुटी थी.
जयपुर ब्लास्ट की साजिश में भी शामिल था आरोपी
रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी जयपुर में ब्लास्ट की साजिश में शामिल था. 2022 से फरार चल रहा था और NIA पुलिस तलाश में लगी थी. इस मामले में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी पहले हो चुकी हैं. 11वें पर NIA ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रतलाम सहित कई शहरों में पोस्टर भी लगाए गए थे.
ईद मनाने आया था घर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि फिरोज अपनी बहन के घर ईद मनाने आया है. इसी आधार पर एसपी स्क्वाड ने दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने फिरोज के घर की भी तलाशी ली.
NIA को सौंपा जाएगा आरोपी
एसपी अमित कुमार ने बताया कि NIA की टीम आरोपी को जल्द ही अपने कब्जे में लेगी. रतलाम पुलिस की इस कार्रवाई को आतंकी गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.




















