Election 2023: कल से 'मिशन इलेक्शन' पर अरविंद केजरीवाल! छत्तीसगढ़-MP का करेंगे दौरा
Election 2023: आप पार्टी की नजरें छतीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के आदिवासी सीटों पर टिकी हुई है. सीएम केजरीवाल जगदलपुर में आमसभा के साथ बस्तर में आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत भी करेंगे.

Delhi News: छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में इसी साल विधानसभा चुनाव (Assembly Elections)होने वाला है. ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है और लगातार दिग्गज नेताओं का प्रदेश दौरा चल रहा है. इस बीच आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने भी मिशन इलेक्शन के लिए ताल ठोक दिया है.
रीवा में करेंगे जनसभा
सीएम केजरीवाल 16 सितंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे और यहां जगदलपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे. इस दौरान उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी साथ रहेंगे. वहीं सीएम अरविंद केजरीवाल 18 सितंबर को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान सीएम केजरीवाल रीवा में जनसभा को संबोधित करेंगे और आप कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे. वहीं अभी अरविंद केजरीवाल तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं.
बस्तर में चुनाव अभियान की होगी शुरुआत
बता दें कि, आप पार्टी की नजरें छतीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के आदिवासी सीटों पर टिकी हुई है. सीएम केजरीवाल जगदलपुर में आमसभा के साथ बस्तर में आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत भी करेंगे.साथ ही सभा में आदिवासी एवं किसान वर्ग के लिए 10वीं गारंटी का ऐलान किया जा सकता है.
आप किसानों को दे सकते हैं 10वीं गारंटी
इससे पहले 19 अगस्त को आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने छत्तीसगढ़ को 10 गारंटी दी थी. यहां उन्होंने 9 घोषणाओं को विस्तार में बताया था और कहा था कि, आदिवासी और किसानों के लिए 10वीं गारंटी होगी, जिसकी घोषणा में छत्तीसगढ़ में अगली सभा में होगी. ऐसे में इस बार भी केजरीवाल के दौरे को चुनावी नजरिए से अहम माना जा रहा है.

















