Coronavirus: बिहार में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 3646 नए केस, अब तक 400 लोगों की मौत
बिहार में कोरोना के सबसे अधिक मामले राजधानी पटना में सामने आए हैं. पिछले 24 घंटे में राज्य में 12 और लोगों की कोरोना से मौत हुई है.

पटना: बिहार में कोरोना के मामले अब तेजी से बढ़ रहे हैं. शुक्रवार को राज्य में एक दिन से सबसे अधिक 3646 नए मामले दर्ज किए गए. नए मामलों के सामने आने के बाद राज्य में पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 71 हजार 794 हो गई है. इसके साथ ही इस वायरस से अब तक बिहार में 400 लोगों की मौत हो चुकी है. शुक्रवार को 12 और लोगों की मौत हुई. राज्य के स्वास्थ विभाग ने इस बात की जानकारी दी.
स्वास्थ विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कुल 71520 सैम्पल की जांच हुई है. इलाज के बाद कुल 46265 मरीज ठीक हुए हैं. मौजूदा समय में राज्य में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 25128 है. बिहार में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 64.44 फीसदी है.
बिहार में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले राजधानी पटना में सामने आए हैं. अब तक यहां 12160 मामले सामने आ चुके हैं और 71 लोगों की मौत हुई है. दूसरे नंबर पर भागलपुर है जहां 3262 पॉजिटिव केस मिले हैं और 34 लोगों की मौत हुई है. इसके बाद मुजफ्फरपुर का नंबर है. शहर में कोरोना वायरस के अब तक 3116 मामले दर्ज किए गए हैं और वायरस की वजह से 15 लोगों की मौत हुई है.
बिहार में बाढ़ का भी कहर
एक तरफ राज्य कोरोना के कहर से जूझ रहा है वहीं दूसरी तरफ बाढ़ ने भी राज्य के कई जिलों में तबाही मचा दी है. राज्य की सभी प्रमुख नदियों में उफान जारी है. इस बीच बाढ़ के कारण राज्य के 16 जिलों की 69 लाख की आबादी प्रभावित हो चुकी है. बाढ़ के कारण अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इधर, राज्य सरकार भी बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खाते में 6000 रुपये पहुंचाकर आर्थिक मदद देने में जुटी हुई है. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, राज्य के 16 जिलों के कुल 124 प्रखंडों की 1185 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हुई हैं. इन क्षेत्रों में करीब 69 लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है. पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से कोरोना महामारी से निपटने के लिए किए जा रहे काम का मांगा ब्यौराSource: IOCL

























