Bihar Politics: 'लुकाछिपी' के बाद खुद राबड़ी से मिलने पहुंचे तेज प्रताप, मीडिया से बनाई दूरी, नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
दोनों भाइयों के बीच सुलह कराने की कोशिश में राबड़ी देवी दिल्ली से पटना पहुंची हैं. पटना में अपने आवास पर न जाकर वे सीधे तेज प्रताप के आवास पहुंची.लेकिन तेज प्रताप उनसे मिले बिना ही घर से गायब हो गए.

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी (RJD) सुप्रीमी लालू यादव (Lalu Yadav) के घर लुकाछिपी का गेम चल रहा. आज और कल की घटनाओं के बाद ये कहना गलत नहीं होगा. दोनों भाइयों के बीच जारी खींचतान के बीच कल राबड़ी देवी (Rabri Devi) पटना आते ही हसनपुर विधायक तेज प्रताप (Tej Pratap Yadav) से मिलने उनके आवास पर पहुंची. लेकिन तेज प्रताप अपनी मां को गच्चा देकर वहां निकल गए. वहीं, आज भी वे पदयात्रा पर जाने से पहले उनसे मिलने नहीं पहुंचे. हालांकि, देर शाम वे राबड़ी देवी से मिलने पहुंच गए.
मीडिया से नहीं की बात
मिलने के बाद जब वे राबड़ी आवास से बाहर निकले तो गाड़ी इतनी तेजी से बाहर निकली की एक्सीडेंट होते-होते बच गया. पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब दिए बिना तेज प्रताप तेजी से चलते बने. गौरतलब है कि इन दिनों लालू के परिवार में विरासत का खेल दिलचस्प होता जा रहा है. तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) और तेज प्रताप दोनों ही आमने-सामने हैं. दोनों भाइयों में सीधे मुंह बात भी नहीं हो रही है.
तेज प्रताप लगातार साध रहे निशाना
इधर, विवाद के बीच तेज प्रताप सोशल मीडिया के जरिए लगातर अपने परिवार पर निशाना साध रहे हैं. कभी फेसबुक पर तो कभी ट्विटर पर परिवार और पार्टी की बखिया उधेड़ रहे हैं. वे कभी पिता लालू यादव को दिल्ली में बंधक बनाए जाने की बात कह कर सबको सकते में ला दे रहे हैं. तो कभी स्टार प्रचारक की सूची में नाम नहीं आने पर मां-बहन की आड़ में पार्टी और तेजस्वी पर निशाना साधते हैं.
सुलह कराने पहुंची है राबड़ी देवी
सूत्रों की मानें तो कल यानि रविवार को दोनों भाइयों के बीच सुलह कराने की कोशिश में राबड़ी देवी दिल्ली से पटना पहुंची. पटना में अपने आवास पर न जाकर वे सीधे तेज प्रताप के आवास पहुंची. लेकिन तेज प्रताप को जैसे ही इसकी भनक मिली वो घर से गायब हो गए. राबड़ी देवी इंतज़ार करने के बाद थक हार कर निकल गईं. आज दिनभर तेज प्रताप बिना चप्पल के पटना को सड़कों पर निकले.
हालांकि, शाम में जैसे ही उन्हें पता चला तेजस्वी घर से बाहर हैं, तेज प्रताप राबड़ी आवास पहुंच गए. दरअसल, आज तेजस्वी शहाबुद्दीन (Mohammad Shahabuddin) के बेटे ओसामा शहाब की शादी में शामिल होने के लिए सिवान गए थे. इधर, तेज प्रताप के राबड़ी आवास पहुंचने की खबर मीडिया को लगी तो सभी वहां पहुंच गए. कुछ देर बाद तेज प्रताप निकले, लेकिन गाड़ी इतनी स्पीड में निकली कि मीडिया वाले साइड हो जाने में ही भलाई समझी.
यह भी पढ़ें -
Osama Shahab Marriage: शाहबुद्दीन के लाडले ओसामा शहाब बने दूल्हा, निकाह में तेजस्वी भी हुए शामिल






















