गोलियों के तड़तड़ाहट से दहला भोजपुर, 24 घंटे में अपराधियों ने सात लोगों को मारी गोली
बिहार में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि जारी है. इसी क्रम में मंगलवार को अपराधियों ने आरा में प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती देते हुए सात लोगों गोली मारी है. हालांकि, किसी भी घटना में पीड़ित की मौत नहीं हुई है, सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

आरा: बिहार के भोजपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. बेखौफ अपराधी आएदिन हत्या और गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इसी क्रम में मंगलवार को भोजपुर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. पिछले 24 घन्टे में अपराधियों ने जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती देते हुए सात लोगों गोली मारी है. हालांकि, किसी भी घटना में पीड़ित की मौत नहीं हुई, सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
मिली जानकारी अनुसार पहली घटना शहर के नवादा थाना क्षेत्र के विष्णुनगर मोहल्ले की है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने दो सब्जी विक्रेता को गोली मार दी. इस घटना में दोनों जख्मी हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
बता दें कि जख्मियों में नवादा थाना क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ला निवासी अशोक यादव के बेटे अहम यादव और उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी विक्रम राम के बेटे सत्येंद्र राम शामिल हैं. दोनों पेशे से सब्जी विक्रेता हैं.
दूसरी घटना जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के करजा गांव की है, जहां मंगलवार की सुबह हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. इससे बाद युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है. मिली जानकारी अनुसार जख्मी युवक करजा गांव निवासी श्रीभगवान यादव का 26 वर्षीय बेटा निरंजन यादव है.
वहीं, आखिरी घटना भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के पोसवां गांव की है, जहां आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की गई. इस दौरान गोली और छर्रा लगने से झगड़ा शांत कराने गए चार लोग जख्मी हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए गड़हनी पीएचसी से आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है.मिली जानकारी अनुसार जख्मियों में पोसवां गांव निवासी राज नारायण सिंह के बेटे सोनू सिंह, नंदकिशोर सिंह के बेटे मृत्युंजय सिंह और स्व.विनोद सिंह के बेटे मुकेश सिंह समेत 1 अन्य भी शामिल हैं. इसमें मुकेश सिंह को गोली लगी है, जबकि अन्य को छर्रा लगा है. हालांकि, सभी की हालत गंभीर बनी हुई है.
इधर, घायलों के परिजनों ने बताया कि गांव के ही दो पक्षों में पूर्व से आपसी रंजिश चली आ रही है, जिसको लेकर आज सुबह दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू कर दी. इसे देख गांव के कुछ लोग वहां बीच-बचाव करने गए. लेकिन पक्षों द्वारा की जा रही फायरिंग में चार लोग जख्मी हो गए. फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है. पुलिस का दावा है कि वो जल्द आरोपियों पर कार्रवाई करेगी.






















