Road Accident: पटना दो अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटना में तीन की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Patna News: पटना में शुक्रवार को दो सड़क दुर्घटना होने की सूचना है. घटनास्थल पर हुई मौत के बाद पुलिस पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई.

पटना: राजधानी पटना में शुक्रवार को अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटना (Road Accident) में तीन लोगों की मौत हो गई. शुक्रवार दिन में बेली रोड में एक पिकअप वैन की सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई. वहीं, रात में अटल पथ पर तेज रफ्तार एक गाड़ी ने एक युवक की जान ले ली. पटना के अटल पथ पर एक पैदल चल रहे युवक को गाड़ी रौंदते हुए निकल गई. इस घटना के बाद मौके पर ही युवक की मौत हो गई. वहीं, स्थानीय लोगों ने युवक को आनन-फानन में पीएमसीएच भेज दिया.
बेली रोड में सड़क दुर्घटना
पटना के बेली रोड स्थित राजा बाजार में शुक्रवार दिन में एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई. बताया जा रहा है कि पिलर संख्या 80-81 के बीच ओवरब्रिज के ऊपर से दानापुर की ओर से एक पार्सल पिकअप वैन तेज गति से आ रहा था. अचानक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर में टक्कर मार दिया. इसके बाद पिकअप वैन दूसरी तरफ जाकर पलट गया. इससे दूसरी लेन में एक स्कूल बस जा रही थी जिसमें पिकअप वैन टक्टर मार दिया. इस घटना के बाद बस में सभी सुरक्षित रहे लेकिन पिकअप वैन के चालक और खलासी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
खलासी और चालक की मौत
घटना की सूचना मिलते ही यातायात थाना की पुलिस सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. बेली रोड में काफी लंबी जाम लग गई. जाम छुड़ाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस ने लगभग दो घंटे बाद जाम को छुड़ाया. दोनों के शव को इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वहीं, मृतकों की पहचान पिकअप वैन के खलासी 25 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में की गई है, जो बेगमपुर बाईपास थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि 24 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में चालक की पहचान की गई है जो खगौल का रहने वाला है.
























