'गोली मारनी है तो सम्राट चौधरी से बड़ा अपराधी...', PK का तंज, BJP भड़की
सम्राट चौधरी को लेकर प्रशांत किशोर के गोली मारने वाले बयान पर बिहार बीजेपी से प्रतिक्रिया दी गई है. पार्टी नेताओं ने इसे आपत्तिजनक बताया है. तंज कसते हुए जन सुराज को 'गन सुराज' कहा.

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के एक बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है. एक वायरल वीडियो में प्रशांत किशोर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर किसी अपराधी को गोली मारनी है तो सम्राट चौधरी से बड़ा अपराधी कौन है. इस बयान को लेकर शुक्रवार (16 अक्टूबर, 2026) को बीजेपी की ओर से कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशांत किशोर की भाषा और राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाए गए हैं.
बीजेपी प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने पीके के बयान की निंदा की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ सार्वजनिक मंच से गोली मारने जैसी भाषा का इस्तेमाल गंभीर और निंदनीय है. राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन हिंसा और धमकी की भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती. ऐसी बयानबाजी से समाज में तनाव और वैमनस्य बढ़ने का खतरा है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली तिरंगा यात्रा: जीतन राम मांझी का बड़ा बयान, 'अब तो CJP की…'
नीरज कुमार शर्मा ने जन सुराज पर साधा निशाना
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने प्रशांत किशोर की भाषा शैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर खुद को नई सोच का राजनीतिक चेहरा बताते हैं, लेकिन उनकी भाषा आपत्तिजनक है. शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी पार्टी जन सुराज नहीं, बल्कि 'गन सुराज' है.
प्रीति शेखर बोलीं- जुबान पर लगाम रखिए
बीजेपी की प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने भी प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर ने अपने बयान से असली चेहरा दिखा दिया है. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ऐसी धमकियों से डरने वाली नहीं है. प्रीति शेखर ने उनकी भाषा को गुंडों जैसी बताया और संयम बरतने की नसीहत दी.
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा राजनीतिक विवाद
प्रशांत किशोर के कथित बयान के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. बीजेपी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है. वहीं, वायरल वीडियो के पूरे संदर्भ और बयान की पृष्ठभूमि को देखना भी जरूरी है. फिलहाल इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव बढ़ता दिख रहा है.
बता दें कि प्रशांत किशोर का यह बयान 10 अक्टूबर का है जो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है. पीके के इस बयान के बाद आगे सियासी विवाद बढ़ना तय माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- बिहार में सरकारी कर्मचारियों को 2027 में कितनी छुट्टियां? आ गई लिस्ट, देखें यहां



















