मोतिहारी में 15 साल की लड़की का दो लड़कों से था प्रेम-प्रसंग, पिता, भाई और चाचा ने उतारा मौत के घाट
Motihari News: मोतिहारी में 15 वर्षीय लड़की की हत्या के आरोप में उसके पिता, भाई और चाचा को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने जा रहे थे इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया.

Bihar News: बिहार के मोतिहारी से सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक नाबालिग लड़की की हत्या के आरोप में उसके पिता, भाई और चाचा को गिरफ्तार किया गया है. मोतिहारी के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी का गांव के दो लड़कों से अफेयर चल रहा था. जिसके चलते सोमवार को परिजनों ने उनकी हत्या कर शव को सरेह में फेंक दिया. पुलिस ने शव को बरामद करते हुए लड़की के पिता गणेश सहनी, उसके भाई और चाचा को गिरफ्तार कर लिया.
पूरा मामला पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के सिसवा खरार पंचायत का है. जहां गणेश सहनी की 15 वर्षीय बेटी का गांव के दो लड़कों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. जिसको लेकर पिता गणेश सहनी और परिवार के अन्य सदस्यों ने लड़की को कई बार समझाया. इसके बावजूद जब वो नहीं मानी तो पिता गणेश सहनी ने अपने भाई और बेटे के सहयोग से बेटी की हत्या कर दी.
इसके बाद शव को घर से कुछ ही दूरी पर फेंक दिया. ग्रामीणों ने परिजनों को बेटी के शव को फेंकते हुए देख लिया उन्होंने कल्याणपुर थाने को मामले की सूचना दी. सूचना मिलने पर कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की के शव को कब्जे में ले लिया.
मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
मंगलवार को घटना के बारे में जानकारी देते हुए चकिया एसडीपीओ सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात सूचना मिली कि कल्याणपुर के सिसवा पंचायत में एक 15 वर्षीय लड़की की हत्या की गई है और परिजन शव को ठिकाने लगाने के लिए सरेह में गए हैं. जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई. मामले में मोतीहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने एक टीम का गठन करते हुए कार्रवाई करने का आदेश दिया.
वहीं कल्याणपुर थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिसवा गांव के सरेह से लड़की का शव बरामद कर लिया. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भिजवाया गया है. घटना में संलिप्त मृतका के पिता गणेश सहनी और भाई के साथ चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया. एसडीपीओ सत्येंद्र कुमार सिंह ने घटना का मूल कारण प्रेम-प्रसंग बताया है.
यह भी पढ़ें: Bihar: मोतिहारी के डीएम सौरभ जोरवाल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों होंगे सम्मानित, जानें- पूरी डिटेल
























