SIR के खिलाफ आज महागठबंधन का राजभवन मार्च, जिलों में भी प्रदर्शन
महागठबंधन और विपक्षी पार्टियों द्वारा आज CEC और SIR के मुद्दे पर राजभवन मार्च का आह्वान किया गया है. इसके साथ ही सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.

चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ महागठबंधन की ओर से आज पटना में राज भवन मार्च का आह्वान किया गया है. जिसमें राजद, कांग्रेस, वीआईपी, IIP, वाम दल के नेता कार्यकर्ता शामिल होंगे.
यह मार्च 11 बजे से सप्त मूर्ति के पास से मार्च शुरु होगा और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर SIR, मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़ी अपनी मांगें रखी जाएंगी. करीब दो किलोमीटर तक यह मार्च जाएगा.
यह भी पढ़ें: बेगूसराय में सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 लोगों को लगी गोली
जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन
वहीं, आज बिहार में सभी जिला मुख्यालयों पर भी महागठबंधन द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपनी आपत्तियां दर्ज कराएं. इसके पूर्व बुधवार को राज्यभर के प्रखंड मुख्यालयों पर आक्रोश मार्च निकाला गया था.कल महागठबंधन ने राज्य के सभी 534 प्रखंड मुख्यालयों पर आक्रोश मार्च निकाला था.
दो दिन तक चलेगा आंदोलन
महागठबंधन के कार्यक्रम के मुताबिक, आंदोलन दो दिनों तक चलेगा. पहले दिन प्रखंड स्तर पर आक्रोश मार्च निकाला गया. आज दूसरे दिन जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन होगा व पटना में राजभवन मार्च. महागठबंधन SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाएगा.
विपक्ष का प्रदर्शन लगातार जारी है
SIR, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कथित एकतरफा निर्णयों व कार्रवाई की मांग को लेकर देशभर में विपक्ष का प्रदर्शन जारी है. दिल्ली में बुधवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों ने जंतर-मंतर के लिए मार्च किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया.जिसके बाद पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों को डिटेन किया था.
विपक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. पिछले दिनों इंडिया गठबंधन की बैठक में इस मुद्दे पर पूरी रणनीति बनाई गयी थी. जिसके बाद अब सड़कों पर इंडिया गठबंधन के नेता उतरे हुए हैं. दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ तमाम पार्टियों के नेता प्रदर्शन में जुटे हैं.
यह भी पढ़ें: चिराग पासवान के विधायक पर FIR, 3% कमिशन मांगा, RJD बोली- 'माल-पानी…'





















