जहानाबाद: बालू माफियाओं ने छापेमारी करने गई पुलिस पर किया हमला, सैप जवान और ड्राइवर जख्मी
घोसी थाना के एसआई राजनंदन शर्मा ने बताया कि सूचना के आलोक में छापेमारी करने गई पुलिस ने नदी किनारे से बालू लोड एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया था. यह देख ट्रैक्टर मालिक और बालू खनन कर रहे लोग पुलिस से उलझ गए.

जहानाबाद: जिले के फल्गु नदी से अवैध बालू खनन की सूचना पर छापेमारी करने गई घोसी थाना की पुलिस पर शनिवार को बालू माफियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हमला कर दिया. पुलिस जवानों पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए गए. इस घटना में पुलिस गाड़ी चालक और एक सैप के जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. 15-20 की संख्या में रहे ग्रामीणों का आक्रोश देखकर पुलिस बैकफुट पर आ गई और खाली हाथ लौटने में ही भलाई समझी. मामला घोसी थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के समीप का है.
कई दिनों से किया जा रहा है अवैध खनन
घटना के संबंध में घायल सैप जवान सतेन्द्र शर्मा ने बताया कि दरियापुर गांव के समीप फल्गु नदी में काफी दिनों से अवैध खनन कर बालू उठाव किया जा रहा है. इस संबंध में घोसी थाना के एसआई राजनंदन शर्मा ने बताया कि सूचना के आलोक में छापेमारी करने गई पुलिस ने नदी किनारे से बालू लोड एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया था. यह देख ट्रैक्टर मालिक और बालू खनन कर रहे लोग पुलिस से उलझ गए और बालू खनन करा रहे बदमाशों ने गांव के कई लोगों को बुला लिया और पुलिस पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया, जिसमें एक सैप जवान और ड्राइवर घायल हो गए.
गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
उन्होंने बताया कि पुलिस जैसे ही जवाबी कार्रवाई करनी शुरू की, तो बदमाश ट्रैक्टर लेकर भाग निकले. पुलिस ने पूरी ताकत के साथ घटना में शामिल लोगों की खोजबीन शुरू की, लेकिन बालू माफिया और हमला करने वाले ग्रामीण भाग निकले. फिलहाल, पुलिस गांव में छापेमारी कर रही है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है.






















