भोजपुर में दर्दनाक हादसा, सोन नदी में डूबने से 2 सगे भाइयों समेत 4 की मौत
भोजपुर के तीर्थकौल गांव में सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों और एक युवक की मौत हो गई. मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं.

बिहार के भोजपुर जिले में सोन नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे और एक युवक शामिल हैं. हादसा संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के बरवा घाट पर हुआ. बताया जा रहा है कि सात बच्चे नदी में नहाने गए थे. इस दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे. उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरा युवक भी डूब गया. काफी मशक्कत के बाद चारों के शव बाहर निकाले गए. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे सोन नदी में नहा रहे थे. इसी दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. उन्हें बचाने के लिए सुधीर कुमार यादव (30) नदी में कूद पड़े. लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गए. ग्रामीणों ने बचाव की कोशिश की और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी. बाद में चारों के शव बरामद किए गए.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह के 9 लोगों की हत्या वाले बयान पर BJP की प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा?
दो सगे भाइयों की एक साथ मौत
मृतकों की पहचान आकाश शर्मा (15), प्रेम कुमार (12), शिवम उर्फ सिद्धांत कुमार (10) और सुधीर कुमार यादव (30) के रूप में हुई है. प्रेम और शिवम सगे भाई थे. दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. आकाश के पिता मजदूरी करते हैं, जबकि प्रेम और शिवम के पिता भी मजदूरी कर परिवार चलाते हैं. सुधीर गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत से पत्नी और बच्चे के सामने भी संकट खड़ा हो गया है.
बालू कटाई से बने गड्ढों पर उठे सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सोन नदी में बालू कटाई से बने गहरे गड्ढों पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि इन गड्ढों के कारण पानी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. ग्रामीणों के मुताबिक, बरवा घाट पर पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं. उन्होंने खतरनाक जगहों को चिह्नित करने और सुरक्षा के इंतजाम बढ़ाने की मांग की है.
पोस्टमार्टम के बाद मुआवजे की प्रक्रिया
संदेश के अंचलाधिकारी शम्मी कुमार ने चार लोगों की डूबने से मौत की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है. इसके बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इस हादसे ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें- 'बूथ लूटकर सरकार बनाते रहे लालू-अखिलेश', BJP का हमला





















