SRI vs BAN: दूसरे वनडे में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया, 44 महीने बाद घर में सीरीज जीती
वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की टीम ने बेहद ही शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में टीम अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई.

कोलंबो: मेजबान श्रीलंका ने प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में बांग्लादेश को सात विकेट से मात दी. इसके साथ ही मेजबान टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. श्रीलंका की अपने घर में पिछले 44 महीनों में यह पहली सीरीज जीत है. श्रीलंका ने पहला मैच 91 रनों से जीता था.
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 238 रन का स्कोर बनाया, जिसे श्रीलंका ने 44.4 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. मेजबान श्रीलंका के लिए अविश्का फर्नाडो ने 82, एंजेलो मैथ्यूज ने नाबाद 52, कुसल मेंडिस ने नाबाद 41, कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने 15 और कुसल परेरा ने 30 रन बनाए.
बांग्लादेश की ओर से मुस्ताफिजुर रहमान ने दो और मेहदी हसन ने एक विकेट लिया. इससे पहले, बांग्लादेश ने मुशफिकुर रहीम के नाबाद 98 रनों की मदद से आठ विकेट पर 238 रन का स्कोर बनाया. श्रीलंका के लिए नुवान प्रदीप, इसुरु उदाना और अकिला धनंजय ने दो-दो विकेट लिए.
वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली बांग्लादेश टीम ने इस सीरीज में बेहद ही खराब खेल का प्रदर्शन किया और वह दोनों मुकाबलों में श्रीलंका को टक्कर देने में कामयाब नहीं हुई. वहीं श्रीलंका ने वर्ल्ड कप की निराशा से बाहर निकलते हुए अच्छा कमबैक किया है. पहले वनडे के बाद श्रीलंका के स्टार गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया था.



















