साउथ अफ्रीका में सफलता के बाद भुवनेश्वर ने कहा- इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के लिए तैयार है टीम
विदेशी धरती पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का मानना है आगामी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के कड़े दौरों के लिए टीम तैयार पूरी तरह से तैयार है.
केपटाउन: विदेशी धरती पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का मानना है आगामी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के कड़े दौरों के लिए टीम तैयार पूरी तरह से तैयार है.
भारत ने साउथ अफ्रीका दौरे की शुरुआत टेस्ट सीरीज में 1-2 की हार के साथ की लेकिन इसका अंत टी-20 में मेजबान टीम को सात रन से हराकर सीरीज 2-1 से जीतकर किया. भारतीय टीम ने इस बीच वनडे सीरीज भी 5-1 से जीता.
भुवनेश्वर ने कहा, ‘‘हम अधिक लालची नहीं होना चाहते और इन दो ट्रॉफी के साथ हम खुश हैं. उम्मीद करते हैं कि अगली बार हम सभी तीनों ट्रॉफी जीत पाएंगे.’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह दौरा शानदार रहा, खास तौर से टेस्ट सीरीज. हां, हमने दो मैच गंवाए लेकिन वे काफी करीबी थे. हम 0-3 से भी हार सकते थे और 2-1 से भी जीत सकते थे. लेकिन हम जिस तरीके से खेले उसने हमें आत्मविश्वास दिया और हम इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरों पर जाने और वहां बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं.’’
भूवी ने कहा, ‘‘टी-20 क्रिकेट विविधता का इस्तेमाल करने से जुड़ा है और आपकी टाइमिंग परफेक्ट होनी चाहिए. मैं जो भी ‘नकल बॉल’ डालता हूं, चाहता हूं कि बल्लेबाज उस पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करे. आप इस तरह से विकेट ले सकते हैं और यही मुख्य कारणों में से एक है कि मैं पावर प्ले में सफल रहा.’’
अलग-अलग फॉर्मेट में अंतर बताते हुए भुवनेश्वर ने टी-20 के संदर्भ में कहा, ‘‘टी-20 ऐसा फॉर्मेट है तो तेजी से खत्म हो जाता है और आपके पास सिर्फ चार ओवर होते हैं. अगर आप ओवर में तीन खराब गेंद फेंकोगे तो इन पर रन बनेंगे और आपका पूरा विश्लेषण बिगड़ जाएगा. इन तीन गेंद के कारण टीम बैकफुट पर आ जाएगी. इसलिए हर एक गेंद महत्वपूर्ण है. इसके कारण गेंदबाज को सोचना पड़ता है. प्रत्येक गेंद सही होनी चाहिए और आपको योजना को सही तरीके से लागू करना चाहिए.’’















