मुख्य कोच के चयन में विराट कोहली को है अपनी राय रखने का अधिकार: सौरव गांगुली
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के चयन में मौजूदा कप्तान विराट कोहली की राय लेनी चाहिए.

भारत के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली का मानना है कि भारतीय टीम के मौजूदा कप्तान विराट कोहली को पूरा अधिकार है कि वह कोच के चयन में अपनी राय रख सकते हैं. जी बांग्ला फुटबाल लीग के पुरस्कार वितरण समारोह के बाद गांगुली ने कहा, "वह कप्तान हैं, इसलिए उनके पास अपनी इच्छा जाहिर करने का अधिकार है."
भारतीय टीम के वेस्टइंडीज दौरे पर रवाना होने से पहले कप्तान कोहली ने कहा था कि अगर मौजूदा कोच रवि शास्त्री को पद पर बनाए रखा जाता है तो पूरी टीम खुश होगी.
कोहली ने कहा था, "क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने अभी तक मुझसे कोई संपर्क नहीं किया है, लेकिन वो मेरा विचार जानना चाहते हैं तो मैं जाकर उनसे बात करूंगा. रवि भाई के साथ हमारा तालमेल अच्छा है और अगर वह अपने पद पर बने रहते हैं तो हम खुश होंगे."
अगले महीने में प्रशासकों की समिति (सीओए) द्वारा गठित की गई नई क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) टीम के मुख्य कोच का चुनाव करेगी. इस सीमित में भारत को पहला विश्व कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव, पूर्व कोच अंशुमन गायकवाड और भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान शांथा रंगास्वामी हैं. इन तीनों ने ही महिला टीम के कोच का चुनाव किया था.















