199 रन पर आउट होने वाले 'बदकिस्मत' भारतीय बल्लेबाज, पिछले 10 साल में 3 शिकार
देवदत्त पडिक्कल 199 रन पर आउट हो गए. उनके विकेट पर बवाल भी देखने को मिला. अंपायर के फैसले से पडिक्कल नाखुश रहे. इसी तरह पिछले 10 सालों में 3 भारतीय बल्लेबाज 199 रन पर आउट हुए हैं.

इन दिनों इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच पहला अनौपचारिक टेस्ट खेला जा रहा है. न्यूजीलैंड की सरजमीं पर हो रहे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल दोहरा शतक पूरा करने से सिर्फ एक रन पहले 199 रन पर आउट हो गए. हालांकि उनके विकेट पर विवाद भी देखने को मिला. कैच आउट दिए जाने पर पडिक्कल खुद भी हैरान दिखे. यह पहला मौका नहीं था कि जब कोई भारतीय बल्लेबाज फर्स्ट क्लास मुकाबले में 199 रन पर आउट हुआ, बल्कि पिछले 10 सालों में 3 खिलाड़ी इसका शिकार हो चुके हैं.
1. केएल राहुल, 199 रन पर आउट (2016) बनाम इंग्लैंड
दिसंबर 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पांचवें मुकाबले में केएल राहुल 199 रन पर आउट हुए थे. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राहुल ने 311 गेंदों में 16 चौके और 3 छक्कों की मदद से 199 रन की पारी खेली थी. वह कैच आउट होकर पवेलियन लौटे थे. यह अब तक राहुल के टेस्ट करियर का बेस्ट स्कोर है.
2. प्रियांश आर्य, 199 रन पर आउट (2026), बनाम गुजरात
रणजी ट्रॉफी में भारतीय बल्लेबाज प्रियांश आर्य भी 199 रन पर आउट हो चुके हैं. अक्टूबर 2026 में दिल्ली और गुजरात के बीच खेले गए रणजी मैच में प्रियांश के साथ यह दुखद घटना हुई थी. दिल्ली के लिए खेलने वाले प्रियांश ओपनिंग पर उतरे थे. उन्होंने 199 रन बना लिए थे, लेकिन 200 आंकड़ा छूने से पहले वह बोल्ड हो गए थे. प्रियांश कि पारी में 24 चौके और 6 छक्के शामिल रहे थे.
3. देवदत्त पडिक्कल 199 रन पर आउट (2026) बनाम न्यूजीलैंड-ए
लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल मैदान पर अक्टूबर 2026 के अनौपचारिक टेस्ट में भारत के देवदत्त पडिक्कल 248 गेंदों में 24 चौके और 3 छक्के लगाकर 199 रन पर आउट हो गए. अंपायर ने उन्हें कीपर कैच के जरिए आउट करार दिया. पडिक्कल फैसले काफी नाखुश दिखे थे. उनकी पारी की बदौलत टीम ने बड़ा टोटल पार कर लिया है. तीसरा दिन समाप्त होने तक भारत का स्कोर 488 रन हो गया है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने ODI ट्राई सीरीज के बीच सैम अयूब को किया टीम से बाहर, टी20 कप्तान को मिला मौका
















