शाह की फिरकी ने बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड
शाह की फिरकी ने बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड


लंदनः लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तान के लेग स्पिनर यासिर शाह की रिकॉर्ड गेंदबाजी ने इंग्लैंड की पहली पारी को 272 रन पर सीमित कर दिया. पाकिस्तान ने पहली पारी में मिसबाह उल हक के शानदार 114 रनों की बदौलत 339 रन बनाए थे.
शाह ने अपनी फिरकी के जाल में इंग्लैंड के 6 बल्लेबाजों को फंसाया और क्रिकेट के मक्का पर नया इतिहास रच दिया.
शाह ने मैच के दूसरे दिन पांच विकेट झटके थे जबकि तीसरे दिन उन्होंने स्टिव फिन को आउट कर अपना छठा विकेट लिया. अपने छठे विकेट के साथ ही शाह ने भारत के भागवत चंद्रशेखर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. चंद्रशेखर ने 1967 में लॉर्ड्स पर इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 127 रन देकर 5 विकेट लिए थे. अब शाह के नाम पहली पारी में किसी स्पिनर के द्वारा सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है.
शेन वार्न से गेंदबाजी की गुर सीखने वाले शाह ने सिर्फ 13 मैच में 82 विकेट ले लिए हैं. उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के चार्ली टर्नर ने 13 मैच में 81 टेस्ट विकेट अपने नाम किया था. शाह को अभी दूसरी पारी में भी गेंदबाजी करनी है.
रिकॉर्ड रफ्तार से आगे बढ़ रहे शाह अब सबसे तेज 100 टेस्ट विकेट लेने के करीब पहुंच गए हैं. टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 विकेट लेने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के जॉर्ज लैहमन के नाम है. उन्होंने 120 साल पहले सिर्फ 16 मैच में ये कारनामा कर दिखाया था.
शाह के पास अभी सात पारी है जिसमें वो लैहमन के इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं.
Source: IOCL
















