पांड्या का खुलासा - पहले मैच में ही कप्तान धोनी ने बदला करियर
पांड्या की सफलता के पीछे कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का बड़ा योगदना है. धोनी जानते थे कि एक ओवर के बाद पांड्या नए स्तर पर होंगे.

भारतीय क्रिकेट टीम को लंबे अर्से से एक तेज गेंदबाज ऑलराउंडर की जरूरत थी. एक लंबी खोज के बाद टीम को हार्दिक पांड्या के रूप में बेहतरीन ऑलराउंडर मिला. लेकिन ये ऑलराउंडर यूं ही भारतीय क्रिकेट का सितारा नहीं बना. पांड्या की सफलता के पीछे कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का बड़ा योगदना है. धोनी जानते थे कि एक ओवर के बाद पांड्या नए स्तर पर होंगे.
गौरव कपूर के वेब सीरीज ब्रेकफास्ट विथ चैंपियन में बात करते हुए पांड्या ने खुद को लेकर कई राज खोले. पांड्या ने बताया कि कैसे डेब्यू मैच के पहले ही ओवर के बाद उनके बुरे हाल को कप्तान धोनी की बातों ने जोश में बदल दिया.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी 20 मैच से अंतरराष्ट्रीय करियर शुरु करने वाले पांड्या के पहले ही ओवर में 21 रन आए थे. इतना ही नहीं उन्हें क्रिस लिन के साथ बदतमीजी को लेकर फटकार भी मिली थी.
अपने पहले मैच को याद करते हुए पांड्या ने कहा कि वह एक बुरे सपने की तरह था, अपने पहले ही ओवर में 21 रन देने के बाद मैं पूरी तरह से दबाव महसूस कर रहा था. मैं बिल्कुल ब्लैंक हो गया था, कुछ भी समझ नहीं आ रहा था कि आगे करना क्या है. लेकिन तभी माही भाई मेरे पास आए और उन्होंने कहा, 'दूसरा ओवर डाल'.
पांड्या ने कहा, दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का पड़ा लेकिन उसके बाद मेरी गेंदबाजी बदल गई, अगले दो ओवर में सिर्फ 7-8 रन आए और दो विकेट भी मिले. धोनी की तारीफ करते हुए पांड्या ने कहा- मैच के बाद धोनी ने कहा कि उन्हें पता था कि एक ओवर के बाद मेरी गेंदबाजी नए स्तर पर होगी और वैसा ही हुआ.
पांड्या ने बताया कि लिन को आउट करने के बाद मैंने विकेट का जश्न मनाया लेकिन तभी माही भाई ने मुझे चेताया कि जो कुछ भी तुम कर रहे हो वो आखिरी बार कर रहे हैं. अगर तुमने फिर से इसे दोहराया तो तुमपर फाइन लगेगा और टीम एक बेहतरीन खिलाड़ी अगले मैच में खो देगी. पांड्या ने कहा, उसके बाद मैंने बहुत सोचा और मैंने ठान लिया कि मैं अपने मेहनत से कमाए हुए पैसे को यूं ही कटने नहीं दुंगा.
बीती बातों को याद करने के बाद उन्होंने अपने नए हेयर स्टाइल को लेकर भी बात की जो कि थोड़ा हैरान करने वाली भी रही. पांड्या ने बताया कि उनका ये नया हेयर स्टाइल उन्हें शिखर धवन से मिला. उन्होंने कहा, मैंने शिखर से थोड़े बाल काटने को कहा था, लेकिन उन्होंने काफी ज्यादा बाल काट दिए और मैंने कहा चलो ठीक है जो भी है अच्छा है.
Source: IOCL


















