कोहली का विकेट लेकर खुशी का ठिकाना नहीं था: नुवान प्रदीप

गॉल: भारत के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में श्रीलंकाई गेंदबाज नुवान प्रदीप ने करियर में पहली बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया. प्रदीप के इन विकटों में भारतीय कप्तान विराट कोहली का विकेट भी शामिल था. प्रदीप का मानना है कि जब उन्होंने विराट कोहली को आउट किया तब उनकी खुशी का कोई ठीकाना नहीं रहा था.
प्रदीप ने पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, ‘‘कोहली दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं. मुझे बड़ी खुशी हुई कि मैंने उन्हें कम स्कोर पर आउट किया. उस तरह के बल्लेबाज के लिये हमने काफी रणनीतियां बनायी थी. इनमें से एक रणनीति यह भी थी जो कि कारगर साबित हुई और मैं वास्तव में इससे काफी खुश हूं.’’ प्रदीप ने कल कोहली को आउट किया था. इस स्टार बल्लेबाज ने शॉर्ट पिच गेंद को हुक करने के प्रयास में विकेट के पीछे कैच दिया. प्रदीप ने कुल 132 रन देकर छह विकेट लिये.
अपने ओवरआल प्रदर्शन के बारे में प्रदीप ने कहा, ‘‘यह विशेष है लेकिन मैंने अच्छी शुरूआत नहीं की थी. अधिक से अधिक ओवर करने के बाद मैंने लय हासिल की.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम एक योजना के साथ मैच में उतरे थे. लेकिन जिस तरह से मैच आगे बढ़ा और जिस तरह की पिच थी उसे देखते हुए हमें अपनी रणनीति बदलनी पड़ी. कुछ चीजें हमने सहीं नहीं की. ’’ प्रदीप ने लंच से पहले 88 रन देकर पांच विकेट लिये थे. इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 62 रन देकर चार विकेट था जो उन्होंने 2015 में कोलंबो में ही भारत के खिलाफ किया था.
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कई बार चार विकेट लिये लेकिन पांच विकेट लेने से चूकता रहा. आज मैंने इस पर काम किया कि कैसे पांच विकेट लेने हैं. जब आप चार विकेट लेते हो तो आपको 15 से 16 ओवर करने होते हैं और आप उसके बाद काफी थक जाते हो. अगर आपको उससे अधिक गेंदबाजी करनी है तो आपको तब भी पूरी लय और तेजी से गेंदबाजी करनी पड़ेगी और आज मैंने यही किया. ’’
इस तेज गेंदबाज ने कहा, ‘‘इससे पहले मैं थक जाने के कारण पांच विकेट नहीं ले पाया. ’’ प्रदीप के साथ दुभाषिये के रूप में उपस्थित गेंदबाजी सलाहकार चमिंडा वास ने मैच के बारे में कहा, ‘‘अभी एंजेलो मैथ्यूज और दिलरूवान परेरा अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. उम्मीद है कि वे कल लंच तक विकेट पर टिके रहेंगे. अगर हम चाय के विश्राम तक बल्लेबाजी करते हैं तो फिर खतरे से बाहर निकल सकते हैं.’’
Source: IOCL

















