एशिया कप: विश्व कप से पहले 'दो समस्याओं' को सुलझाने उतरेगी टीम इंडिया
विश्व कप में 8 महीने का समय बचा है लेकिन नहीं सुलझी है टीम इंडिया की परेशानियां

अगले साल इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप में सिर्फ 8 महीने का वक्त बचा है और भारतीय टीम अभी तक अपने मिडिल ऑर्डर के समस्या को नहीं सुलझा पाई है. 2015 विश्व कप के बाद से ही भारत ने कई प्रयोग किए लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है.
मंगलवार को जब भारतीय टीम एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी तो उनका लक्ष्य चौथे और छठे नंबर के बल्लेबाजों को तलाशना होगा. 18 सितंबर को जहां भारत का सामना हांगकांग से होगा तो अगले दिन उसके सामने पाकिस्तान की टीम होगी.
पिछले एक साल से भारत की यह समस्या और भी बढ़ गई है क्योंकि कुछ खिलाड़ी चोटिल हो गए तो कुछ मौके का फायदा नहीं उठा पाए. इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम इसी वजह से वनडे सीरीज हार गई क्योंकि मिडिल ऑर्डर में पारी संभालने वाला कोई खिलाड़ी नहीं था. पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंध अतिरिक्त दबाव के साथ मैदान पर उतरते थे जिसका असर उनकी बल्लेबाजी पर भी दिखा था.
तीन बल्लेबाजों के बीच जंग
मुकाबले के पहले टूर्नामेंट के कार्यवाहक कप्तान रोहित ने स्पष्ट किया कि मनीष पांडे, केदार जाधव और अंबाती रायुडु के के बीच मध्यक्रम के स्थानों के लिए मुकाबला है.
नियमित कप्तान विराट कोहली के न होने से फिलहाल तीसरा स्थान भी खाली है ऐसे में हांगकांग के खिलाफ मैच से पहले रोहित ने कहा, ‘‘कई स्थानों को भरा जाना है जैसे कि तीसरे, चौथे और छठे नंबर के बल्लेबाज. इन सभी खिलाड़ियों (केदार, मनीष, रायुडु) की निगाहें इन स्थान पर होंगी. हम इस सीरीज में अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं. इस टूर्नामेंट में हमें चौथे और छठे नंबर के बल्लेबाज को तय करना होगा.’’
रोहित के जवाब का संकेत है कि महेंद्र सिंह धोनी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे.
अंबाती रायुडु ने यो-यो टेस्ट पास करने के बाद भारतीय टीम में वापसी की है तो केदार जाधव की हैमस्ट्रिंग के ऑपरेशन के बाद टीम में वापस लौटे हैं.
रोहित ने कहा, ‘‘ये दोनों ही टीम के अहम अंग हैं. रायुडु पहले इंग्लैंड जाने वाली टीम का हिस्सा था और इसी तरह से केदार भी चोटिल होने से पहले टीम का अहम हिस्सा था. दुर्भाग्य से वे पिछले कुछ समय से नहीं खेल पाए लेकिन खुशी है कि उन दोनों की वापसी हुई है. मुझे उम्मीद है कि वे भारत के लिए मैच विजेता बनेंगे.’’
I'm happy that @RayuduAmbati and @JadhavKedar are back. They are important members - @ImRo45 #AsiaCup2018 pic.twitter.com/OXOan1NNBh
— BCCI (@BCCI) September 17, 2018
बेहतर प्रदर्शन करने वाले खेलेंगे ज्यादा मैच
इस बीच रोहित ने यह खुलासा नहीं किया कि दुबई की तेज गर्मी में वह गेंदबाजों को रोटेट करेंगे या नहीं लेकिन कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वालों को ज्यादा खेलने का मौका मिलेगा.
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अभी इस बारे में नहीं सोचा है. हम यह देखना चाहते हैं कि प्रत्येक खिलाड़ी भिन्न परिस्थितियों में कैसा खेलता है. इसके अलावा हम अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका देना चाहते लेकिन लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वालों को अधिक मौके मिलेंगे. हम देखेंगे कि कोई खिलाड़ी परिस्थितियों के हिसाब से कैसा प्रदर्शन करता है और उसी अनुसार फैसला करेंगे.’’
रोहित का कप्तान के रूप में यह पहला बड़ा टूर्नामेंट है और वह इसको लेकर उत्साहित हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उत्साहित होने के साथ थोड़ा नर्वस भी हूं. यह मेरे लिये बड़ा टूर्नामेंट है. मैं सभी खिलाड़ियों को अच्छी तरह से जानता हूं. मैं उन्हें अच्छी तरह से समझता हूं जो कि जरूरी है.’’
Slightly nervous, but excited to lead this squad in the #AsiaCup2018 - Captain @ImRo45 #TeamIndia pic.twitter.com/eQfN8ryAQf
— BCCI (@BCCI) September 17, 2018















