गोरखपुर: वाशरूम के बहाने पुलिस को चकमा देकर भागी रूसी महिला, गलती से पार कर लिया था नेपाल बॉर्डर
गोरखपुर के एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि रूसी महिला के बच्चे समेत महिला थाने से भागने की जांच सीओ गोरखनाथ कर रहे हैं. रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही होगी. क्लीनचिट मिलने के बाद भी वह थाने से क्यों भागी, इसकी भी जांच पड़ताल होगी

गोरखपुर: पासपोर्ट और वीजा के बगैर नेपाल बॉर्डर पार करने पर हिरासत में ली गई रूसी महिला नटालिया सुबह वाशरूम के बहाने बच्चों के साथ महिला थाने से पुलिस को चकमा देकर भाग गई. जानकारी मिलने पर महिला थाना प्रभारी, क्राइम ब्रांच और एलआईयू की टीम ने उसे ढूंढा. लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला. जांच में क्लीनचिट मिलने के बाद रूसी महिला के थाने से भागने के कई मायने निकाले जा रहे हैं. घटना की जानकारी एसएसबी को देने के साथ ही नेपाल बॉर्डर पर निगरानी बढ़ा दी गई है.
रूसी महिला नटालिया 3 साल के बेटे मैक्सिम और बेटी मारिया के साथ नेपाल के पोखरा में रहती है. मंगलवार को बच्चों के साथ सिद्धार्थनगर में ककरहवा नेपाल बॉर्डर के रास्ते साइकिल लेकर भारत में घुस गई. तलाश में जुटे एसएसबी जवानों ने सिद्धार्थनगर से गोरखपुर आ रही रोडवेज बस में उसे बरगदवा के पास पकड़ लिया.
एसएसपी के निर्देश पर रूसी महिला और उसके बच्चे को एलआईयू कार्यालय लाया गया. पूछताछ में उसने गलती से बॉर्डर पार करने की जानकारी दी. पुलिस ने जांच की तो मामला सही मिला. जिसके बाद नटालिया और उसके बच्चों को सुबह नेपाल भेजने का निर्णय लिया गया था. उसे बच्चों के साथ सुरक्षा के लिहाज से महिला थाने में रखा गया था.
सुबह 7 बजे के करीब बच्चों को वाशरूम ले जाने के बहाने थाने से बाहर निकली नटालिया फरार हो गई. एक घंटे बाद भी उसके नहीं लौटने पर पुलिस ने खोजना शुरू कर दिया लेकिन कुछ पता नहीं चला.
गोरखपुर के एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि रूसी महिला के बच्चे समेत महिला थाने से भागने की जांच सीओ गोरखनाथ कर रहे हैं. रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही होगी. क्लीनचिट मिलने के बाद भी वह थाने से क्यों भागी, इसकी भी जांच पड़ताल होगी.





















