इस बार रामपुर में ईद मनाएंगे आजम खान? करीब एक महीने से नहीं आए हैं रामपुर
यूपी के रामपुर में सांसद आजम खान के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है. इस बीच समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन करेगी. चर्चाएं ये भी हैं कि आजम खान रामपुर आ सकते हैं.

रामपुर: खराब कानून व्यवस्था और आज़म खान के समर्थन में समाजवादी पार्टी आज उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन करेगी. इस बीच रामपुर में समाजवादी पार्टी के तीन सांसदों डॉ एसटी हसन, डॉ शफीकुर्रहमान बर्क और जावेद खान के सपा कार्यालय पहुंचने की उम्मीद है. चर्चा ये भी है कि आज़म खान भी रामपुर आ सकते हैं.
आज़म खान की अंतरिम जमानत याचिका पर रामपुर की जिला अदालत में जो सुनवाई होनी थी अब वो टल सकती है क्योंकि ग्राम्य न्यायालय बनाये जाने के विरोध में रामपुर की बार एसोसिएशन ने 4 दिन कि हड़ताल का ऐलान किया है.
ऐसे में आज़म खान की जमानत याचिका पर भी सुनवाई होना मुश्किल है और ये चार या पांच दिन के लिए टल सकती है. सोमवार को ईद उल अज़हा का त्योहार है और आज़म खान हमेशा ईद अपने घर रामपुर में ही मानते आये हैं लेकिन इस बार उनके लिए रामपुर आना मुश्किल भरा हो सकता है.
आजम खान करीब एक महीने से रामपुर नहीं आए हैं. रामपुर और मुरादाबाद में धारा 144 लगी हुई है ऐसे में समाजवादी पार्टी को जिला मुख्यालयों पर धरने प्रदर्शन करने की इजाज़त मिलना भी मुश्किल है. हो सकता है सपा नेता पार्टी कार्यालय में ही अपनी मीटिंग कर लें.
एक और मुकदमा दर्ज- आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और रामपुर के सांसद आजम खान के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हो गया है. शहर कोतवाली में आजम और तत्कालीन नगर पालिका ईओ समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
Source: IOCL

























