पिछड़ों पर आई रिपोर्ट लागू करे सरकार वरना यूपी में एक सीट भी नहीं जीतने देंगे- राजभर
बीजेपी को निशाने पर लेते हुए राजभर ने कहा है कि पिछड़ों पर जो रिपोर्ट आई है सरकार उसे लागू करे वरना यूपी में बीजेपी को एक सीट भी नहीं जीतने देंगे.

लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सुप्रीमो ओम प्रकाश राजभर इन दिनों यूपी के दौरे पर हैं. वे जहां भी जा रहे हैं वहां तीखे बयान दे रहे हैं. बीजेपी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा है कि पिछड़ों पर जो रिपोर्ट आई है सरकार उसे लागू करे वरना यूपी में बीजेपी को एक सीट भी नहीं जीतने देंगे.
उन्होंने कहा कि अगर वे एनडीए से अलग होते हैं तो सभी 80 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे. बीजेपी को इस तरह की धमकी राजभर के लिए कोई नई बात नहीं है. वे लगातार पिछले काफी वक्त से बीजेपी और यूपी सरकार के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं.
उन्होंने संतकबीरनगर में कहा कि कुंभ मेले में बेवजह ही सरकार ने 500 करोड़ खर्च किए जबकि इतने पैसे से प्रदेश के गरीबों का उद्धार हो सकता था. उन्होंने साफ कहा कि सरकार अतिपिछड़ा सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट को लागू करे अन्यथा बीजेपी को एक सीट भी नहीं जीतने देंगे.
राजभर ने कहा कि दंगे भड़काने वालों के बच्चे दंगे में नहीं मरते बल्कि गरीब के बच्चे मरते हैं. सरकार ने गरीब सवर्ण के लिए आरक्षण व्यवस्था की है, अच्छा है लेकिन सभी जातियों के बच्चों के लिए पोस्टग्रेजुएशन तक की पढ़ाई मुफ्त की जाए.
उन्होंने कहा कि यूपी में शराबबंदी कानून लागू होना चाहिए. अभी हम बीजेपी के साथ हैं लेकिन अगर हमारी बातें नहीं मानी गईं तो हम सभी 80 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे और बीजेपी को हराएंगे. सपा-बसपा गठबंधन यकीनन बहुत मजबूत है.
नोट- ABP न्यूज फ्री टू एयर चैनल है. ABP न्यूज को अपने बेसिक पैक का हिस्सा बनाने के लिए केबल/डीटीएच ऑपरेटर से संपर्क करें. जब चैनल चुनें...सबसे आगे रखें ABP न्यूज, क्योंकि ABP न्यूज देश को रखे आगे.
Source: IOCL

























