बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 23 लोगों की मौत, तीन घायल
पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी कि इन लोगों की मौत मंगलवार की रात से लेकर अबतक बिजली गिरने की घटनाओं में हुई. बिहार के औरंगाबाद, पूर्वी चम्पारण और भागलपुर जिलों में 13 लोगों की मौत हो गई. झारखंड में 10 लोगों की जान चली गई.

पटना/रांची: बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी कि इन लोगों की मौत मंगलवार की रात से लेकर अब तक बिजली गिरने की घटनाओं में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि बिहार के औरंगाबाद, पूर्वी चम्पारण और भागलपुर जिलों में 13 लोगों की और झारखंड के जामताड़ा, रामगढ़ और पाकुड़ जिलों में 10 लोगों की जान चली गई. इसके अलावा बिहार में तीन लोग घायल भी हुए हैं. बिहार में भारी बारिश हो रही है. गोह थाना प्रभारी वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि बिहार के औरंगाबाद जिले में मंगलवार की रात मारे गए सात लोगों में से एक महिला सहित चार लोगों की मौत गोह थाना क्षेत्र में हुई. जिले के रफीगंज और कासमा थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत हुई. थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पूर्वी चम्पारण में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पटपड़िया गांव में 13 साल की एक लड़की सहित दो लोगों की नींद में उस समय मौत हो गई जब उनके मकान की छत पर बिजली गिर पड़ी. गोविन्दगंज और कोटवा थाना क्षेत्रों में आज सुबह बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई. भागलपुर जिले के सनोखर और अमदंडा थाना क्षेत्रों में भी मंगलवार की रात कुछ लोगों की मौत हो गई. अपुष्ट खबरों में हालांकि दावा किया गया है कि बारिश से प्रभावित राज्य में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि बिहार में बुधवार को 28.9 मिलीमीटर बारिश हुई जो सामान्य से 221 प्रतिशत अधिक है. क्षेत्राधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने बताया कि झारखंड में जामताड़ा जिले के कुसमाहपहाड़ी ब्लॉक में दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. ये सभी लोग पास के एक तालाब में नहाकर लौट रहे थे कि तभी बारिश शुरू हो गई. वे एक पुल के नीचे खड़े हो गए और आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए. चंद्रदेव प्रसाद ने बताया कि जामताड़ा के बिंदापाथर गांव में 60 साल एक महिला की मौत हो गई. उपमंडल पुलिस अधिकारी प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि रामगढ़ जिले के चिकोर गांव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा और हीरनपुर में खेतों में काम कर रहीं दो महिलाओं की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई.























