वीआरएस नहीं लेते तो जेल में होते जेडीयू सांसद आरसीपी सिंह: जीतन राम मांझी
वहीं बिहार में अपराध को लेकर मांझी ने कहा कि नीतीश सरकार जंगलराज का हवाला देकर सत्ता पर काबिज हुए थे लेकिन उनके राज में तो महा जंगलराज भी कहना शर्म के साथ शर्मिंदगी जैसी बात हो गई है.

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने जेडीयू के राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह पर बड़ा हमला किया है. मांझी ने आरोप लगाया आरसीपी सिंह ने आईएस पद से वीआरएस लेकर इस्तीफा दिया. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आरसीपी सिंह वीआरएस नहीं लेते तो उन्हें जेल जाना पड़ता. बिहार के आरा परिसदन में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जीतन राम मांझी ने जेडीयू के राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.
वहीं बिहार में अपराध को लेकर मांझी ने कहा कि नीतीश सरकार जंगलराज का हवाला देकर सत्ता पर काबिज हुए थे लेकिन उनके राज में तो महा जंगलराज भी कहना शर्म के साथ शर्मिंदगी जैसी बात हो गई है. मांझी के इस राजनीतिक आक्रामक रुख के निशाने पर सिर्फ जेडीयू नेता आरसीपी सिंह ही नहीं बल्कि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता मंगल पाण्डेय भी थे.
दरअसल आज मंगल पांडे ने कहा कि बलात्कारियों को समाज के लोगों को दंडित करना चाहिए. उनके इस बयान पर मांझी ने कहा जब जनता ही दोषियों को दंडित करने का काम करेगी तो फिर ये लोग सत्ता मे बैठकर क्या करेंगे. इन्हें सत्ता को छोड़ देना चाहिए. अगर ये कुर्सी नहीं छोड़ते है तो आने वाला समय में जनता खुद-ब-खुद इन्हे सत्ता से बेदखल कर इंसाफ करेगी.
जीतन राम मांझी भोजपुर में महादलित महिला से गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में पवना थाना क्षेत्र के खोपीरा गांव पीड़िता के परिजनों से मिलने पहुंचे थे. उन्होंने पीड़िता के परिजनों से मिलकर उन्हें आर्थिक रूप से मदद करने की सांत्वना भी दी.
















