गोरखपुर: सीएम सिटी में बदहाल पीएचसी, नसबंदी कर महिलाओं को जमीन पर लिटाया
गोरखपुर के कौड़ीराम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नसबंदी के बाद जमीन पर ही लिटा दिया गया. मामला मंगलवार यानी 8 जनवरी का बताया जा रहा है.

गोरखपुर: गोरखपुर के कौड़ीराम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नसबंदी के बाद जमीन पर ही लिटा दिया गया. मामला मंगलवार यानी 8 जनवरी का बताया जा रहा है. केंद्र और प्रदेश सरकार ने भी सीएचसी और पीएचसी पर मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उसके बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में ही स्वास्थ्य सुविधाओं की ये हालत देखने को मिल रही है.
केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा जनसंख्या नियंत्रण के लिए नसबंदी का कार्यक्रम चलाया जा रहा है. भीषण ठंड में नसबंदी के बाद महिलाओं को जमीन पर ही लिटा दिया गया. डर के मारे महिलाओं के परिजन भी डॉक्टर और वहां तैनात कर्मचारियों का विरोध नहीं कर पाए.
कौड़ीराम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर महिलाओं को इस भीषण ठंड में नसबंदी के बाद जहां जमीन पर लिटाया गया, तो उन्हें न तो गद्दा दिया गया और न ही ओढ़ने के लिए कम्बल मुहैया कराया गया. ऐसे में बदइंतजामी का हाल आप खुद ही समझ सकते है. नसबंदी के बाद जमीन पर लेटी महिलाएं कांपती रहीं. मामला संज्ञान में आने के बाद अधिकारी जांच की बात कर रहे हैं.

























