दिल्ली से बंगाल जा रही महिला की श्रमिक स्पेशल ट्रेन में मौत, इटावा में हुआ पोस्टमार्टम
श्रमिक स्पेशल ट्रेन में एक महिला की मौत हो गई. पश्चिम बंगाल के कलिंगपोंग की रहने वाली महिला का शव उत्तर प्रदेश के इटावा स्टेशन पर उतारा गया. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और कोरोना की जांच के लिए सैंपल ले लिया गया है.

इटावा: लॉकडाउन में अन्य राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों के घर लौटने का सिलसिला जारी है. श्रमिकों के घरों तक पहुंचाने के लिए चलाई गई श्रमिक स्पेशल ट्रेन में सवार होकर नई दिल्ली से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इटावा स्टेशन पर महिला के शव को उतार कर पोस्टमार्टम कराया गया. महिला दिल्ली से कलिंगपोंग (पश्चिम बंगाल) अपनी दो बेटी एवं दामाद के साथ जा रही थी.
महिला के साथ सफर कर रहे दामाद रंजीत ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ श्रमिक स्पेशल ट्रेन में सवार होकर नई दिल्ली से जलपाईगुड़ी जा रहे थे, ट्रेन में उनके साथ सफर कर रही सास की अचानक तबीयत बिगड़ गयी और उनकी मौत हो गयी. उन्होंने इसकी सूचना रेलवे के अधिकारियों को दी, जिसके बाद ट्रेन को इटावा रेलवे स्टेशन पर रुकवाया गया और शव को उतारा गया.

जानकारी मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी मौके पर पहुंचे. सीडीओ राजा गणपति आर ने बताया कि महिला की यात्रा के दौरान मौत हो गई. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और कोरोना की जांच के लिए सैंपल ले लिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा.
वहीं, मृतक महिला के साथ सफर कर रहे दामाद ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस की व्यवस्था कर शव को उनके गृह जनपद कलिंगपोंग के लिए रवाना कर दिया गया है.
गाजियाबाद: क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी में 15वीं मंजिल से गिरने से संदिग्ध हालात में युवती की मौत
Source: IOCL

























