लखनऊ रेफर किए गए डा. कफील खान के भाई, केजीएमयू में होगा इलाज
कफील ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उनके भाई की सर्जरी में अनावश्यक विलंब किया गया. हालांकि गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर ने कहा कि जिला अस्पताल ने घायल को बीआरडी मेडिकल कालेज रेफर किया था लेकिन परिवार वाले निजी अस्पताल में सर्जरी कराना चाह रहे थे.

गोरखपुर: बीआरडी मेडिकल कॉलेज मामले में आरोपी डा. कफील खान के भाई को लखनऊ के केजीएमयू में रेफर किया गया है.कफील के भाई काशिफ जमील को रविवार की रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी थी. उन्हें तीन गोलियां लगी थीं. एक गोली उनके गले और एक हाथ में लगी थी. गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उनकी सर्जरी की गई.
अस्पताल ने बताया कि काशिफ को लखनऊ के केजीएमयू (किंग जार्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी) रेफर किया गया है. बीआरडी मेडिकल कालेज मामले में आरोपी कफील आठ महीने बाद हाल ही में जमानत पर रिहा हुए हैं.
काशिफ पेशे से इंजीनियर हैं और साल भर पहले ही उनका निकाह हुआ है.कफील ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उनके भाई की सर्जरी में अनावश्यक विलंब किया गया. हालांकि गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर ने कहा कि जिला अस्पताल ने घायल को बीआरडी मेडिकल कालेज रेफर किया था लेकिन परिवार वाले निजी अस्पताल में सर्जरी कराना चाह रहे थे.
बता दें कि कफील खान की मां नुजहत परवीन ने भी पुलिस सुरक्षा की मांग की थी. उन्होंने कहा ‘‘मेरा पूरा परिवार खतरे में है. मैं प्रशासन और राज्य सरकार से अपील करती हूं कि हमें पुलिस सुरक्षा मुहैया करायी जाए.‘‘


















