मिर्जापुर: विहिप के 'धर्म ध्वज' से टूटी लाइट, देखते ही देखते हो गया बड़ा बवाल
विश्व हिन्दू परिषद के जुलूस के दौरान 'धर्म ध्वज' से ओवरहेड लाइट टूटने के बाद दो समुदायों के बीच हुए संघर्ष में दो लोग घायल हो गये. फिलहाल हालात काबू में हैं.

मिर्जापुर: विश्व हिन्दू परिषद के जुलूस के दौरान 'धर्म ध्वज' से ओवरहेड लाइट टूटने के बाद दो समुदायों के बीच हुए संघर्ष में दो लोग घायल हो गये. पुलिस ने बताया कि घटना कटरा कोतवाली क्षेत्र में गुरहट्टी चौराहे के निकट मुकेरी बाजार की है. विहिप कार्यकर्ता 25 नवंबर की धर्म सभा के लिए अपील करने के उद्देश्य से एक जुलूस निकाल रहे थे. जुलूस जब मुकेरी बाजार पहुंचा तो धर्म ध्वज से टयूबलाइट टूट गयी. इसके बाद दो पक्षों में कहासुनी हो गयी.
विवाद इतना बढ गया कि दोनों ओर से पथराव और मारपीट होने लगी. मौके पर पहुंचीं पुलिस अधीक्षक शालिनी ने कटरा कोतवाली इंस्पेक्टर और मुकेरी बाजार पुलिस बूथ पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. उन्होंने बताया कि हालात सामान्य और काबू में हैं.
शालिनी ने बताया कि छोटे से मुद्दे पर संघर्ष हुआ. कुछ शरारती तत्वों ने यह कहते हुए पथराव कर दिया कि धर्म ध्वज से जो टयूबलाइट टूटी है, उसे बुधवार के जश्न के लिए लगाया गया था. इस बीच भाजपा और संघ परिवार के कार्यकर्ता घटना के दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गये.
विहिप के जिला अध्यक्ष राम चंद्र शुक्ला ने उन दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की, जिनके नाम शिकायत में दिये गये हैं. भाजपा के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश कुमार श्रीवास्तव ने भी दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
Source: IOCL
























