2019 लोकसभा चुनाव तक बिहार में टला मंत्रिमंडल का विस्तार!
मंगलवार को सीएम नीतीश के इस बयान ने मंत्री बनने की इच्छा लिए कई विधायकों का मजा किरकिरा कर दिया. अब सिर्फ बोर्ड, निगम, आयोग में अपनी जगह तलाश रहे एनडीए नेताओं की उम्मीद बची है.

पटना: नीतीश कुमार की सरकार में मंत्रिमंडल का विस्तार टल गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अब अगले दशहरा से पहले मंत्रिमंडल का विस्तार होगा. इसके पहले पटना में जेडीयू के एक कार्यक्रम में मंत्रिमंडल विस्तार इस दशहरा के बाद करने की बात कही थी.
मंगलवार को सीएम नीतीश के इस बयान ने मंत्री बनने की इच्छा लिए कई विधायकों का मजा किरकिरा कर दिया. अब सिर्फ बोर्ड, निगम, आयोग में अपनी जगह तलाश रहे एनडीए नेताओं की उम्मीद बची है. दीवाली और छठ के बाद बोर्ड और निगमो में खाली जगहों को भरने की बात है.
आरएलएसपी अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने बिहार मंत्रिमंडल में उनकी पार्टी के किसी विधायक को जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाए थे. सूत्र बताते हैं कि ऐसे में नीतीश के इस बयान से आरएलएसपी को भी धक्का ही लगा है. मौजूदा वक्त में बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी के विधायक मंत्रिमंडल में हैं. नीतीश ने मंत्रिमंडल विस्तार को टाल कर ऐसे विधायकों को पाला बदलने पर रोक लगा दी जिन्हें मंत्री बनाए जाने की उम्मीद होगी और नहीं बनाए जाने से नाराज़ होकर पार्टी छोड़ सकते थे. कुछ मंत्री लोकसभा चुनाव भी लड़ना चाहते हैं. ऐसे में एक संदेश उनके लिए भी है.























