बिहार : बीजेपी उपाध्यक्ष रेणु देवी के भाई ने दुकानदार को पीटा, वीडियो वायरल, RJD ने साधा निशाना
रेणु देवी के भाई पर आरोप है कि वह दुकान में दवा लेने गए थे, लेकिन दवा नहीं होने की बात पर वह भड़क गए और कर्मचारी की जमकर पिटाई की.

नई दिल्ली: बिहार के पश्चिमी चंपाारण जिला मुख्यालय बेतिया में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की पूर्व मंत्री रेणु देवी के भाई पर एक मेडिकल हॉल के दुकानदार के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि बुधवार को बेतिया के अनारकली मेडिको में रेणु देवी के भाई पिनू ने दुकान के कर्मचारी विकास कुमार की जमकर पिटाई कर दी. आरोप है कि पिनू दुकान में कुछ दवा लेने गए थे, लेकिन दवा नहीं होने की बात पर वह भड़क गए और कर्मचारी की जमकर पिटाई की और फिर पकड़कर उसे ले गए. इसके बाद उसे पावर हाउस स्थित अपने आवास पर ले जाकर फिर से पिटाई की. दवा दुकान में हुई मारपीट की घटना का दृश्य सीसीटीवी में कैद हो गया. इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
पश्चिम चंपाारण के पुलिस अधीक्षक जयंतकांत ने गुरुवार को बताया कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि जिस फॉर्च्यूनर गाड़ी से दवा दुकान के कर्मचारी को लेकर जाया गया था, उसे जब्त कर लिया गया है. इधर, पूर्व मंत्री रेणु देवी ने सफाई दी, "मुझे भाई से कोई लेना-देना नहीं है और पुलिस इस मामले में करवाई करने के लिए स्वतंत्र है. जो जैसा करेगा, वैसा भरेगा."
RJD ने साधा निशाना

राष्ट्रीय जनता दल ने इस पूरी घटना पर निशाना साधा है. आरजेडी के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, '' बीजेपी की सत्ता आ गई है! अपने दुकान, घर हर जगह खड़े होकर नहीं, शाष्टांग होकर उनका स्वागत करें! अगर उनकी इच्छा हो तो सहर्ष अपनी घर, दुकान और जिस जिस चीज़ पर उनका दिल आए, उसका कब्जा उनका उन्हें दे दें. तभी रामराज्य स्थापित होगा और हिन्दू धर्म सुरक्षित बचेगा. भारत माता की जय!.''
यह भी देखें






















