इमरान खान ने UN में किया RSS का जिक्र, अब संघ का तंज- 'बिना कुछ किए प्रसिद्धि दिला रहे हैं, अच्छी बात है
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र में कहा है कि आरएसएस मुस्लिमों के जातीय सफाये पर विश्वास करता है और प्रधानमंत्री मोदी आरएसएस के नेता हैं.

नई दिल्ली: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का जिक्र किया और आतंकवाद तक को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. अब इमरान के इसी बयान पर संघ ने निशाना साधा है. संघ के सह सर कार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल शर्मा ने कहा कि हमारी कोई शाखा दुनिया में कहीं नहीं है, ऐसे में पाकिस्तान हमसे क्यों नाराज है? उन्होंने कहा कि भारत और आरएसएस एक दूसरे के पर्यायवाची हैं.
उन्होंने कहा, ''संघ केवल भारत में है. हमारी कोई शाखा दुनिया में कहीं नहीं है, ऐसे में पाकिस्तान हमसे क्यों नाराज है? इसका मतलब है कि वह अगर संघ से नाराज है तो कहीं भारत से नाराज है.'' उन्होंने कहा, ''हम भी यही चाहते थे कि दुनिया संघ और भारत को एक ही समझे, दो में न समझे और यह काम बड़ी अच्छी तरह से हमारे इमरान साहब ने किया है इसलिए हम उनको बधाई देते हैं. बिना कुछ किए ही इमरान खान दुनिया में हमें प्रसिद्धि दिला रहे हैं यह तो अच्छी बात है.''
इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र में कहा था, "आरएसएस मुस्लिमों के जातीय सफाये पर विश्वास करता है और प्रधानमंत्री मोदी आरएसएस के नेता हैं." पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कश्मीर को लेकर भी झूठ बोला था. उन्होंने कहा था कि भारत को कश्मीर में ‘अमानवीय कर्फ्यू’ हटाना चाहिए और सभी बंदियों को रिहा करना चाहिए.
इमरान खान के झूठ को भारत ने किया बेनकाब, UN में कहा- आतंकियों को पेंशन दे रही है पाकिस्तान की सरकार
उन्होंने कहा कि भारत ने जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करके संरा सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव, शिमला समझौते और स्वयं अपने संविधान का उल्लंघन किया है.























