मुंबई: मुकेश अंबानी के एंटिलिया में लगी आग, जान-माल का नुकसान नहीं

मुंबई: दुनिया में सबसे मंहगी संपत्तियों में से एक उद्योगपति मुकेश अंबानी की एंटिलिया इमारत में कल रात आग लग गई. हालांकि इस आग में किसी जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. बताया जा रहा है कि ये आग इमारत के नौवें माले पर लगी थी.
निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘’इमारत के नौवें तल पर आग लग गई और कुछ ही मिनटों में इसे बुझा लिया गया.’’ उन्होंने बताया कि इस घटना में सम्पत्तियों की बड़ी क्षति नहीं हुई है.
Fire that broke out at Antilia building on Altamount Road now under control, says #Mumbai Fire Brigade pic.twitter.com/eEW5mN9nLN
— ANI (@ANI_news) July 10, 2017
वृहद मुंबई नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के मुख्य अधिकारी महेश नारवेकर ने कहा, ‘’हमें रात नौ बजकर चार मिनट पर एक कॉल आयी और दमकल कर्मी अल्टमोंट रोड पर नौ बजकर 13 मिनट पर पहुंच गए.’’ उन्होंने कहा कि नौवें तल पर 4जी एंटीना तक ही आग सीमित रही.






















