कर्नाटक में मची सियासी उठापटक पर बोले एच डी कुमारस्वामी, मौजूदा वक्त में कोई भी स्थिर सरकार नहीं दे सकता
लंबे वक्त तक चले सियासी ड्रामें के बाद कर्नाटक में एच डी कुमारस्वामी की सरकार गिर गई. इसे लेकर उन्होंने कहा कि मौजूदा वक्त में कोई भी राज्य में स्थिर सरकार नहीं दे सकता है.

बेंगलुरू: कर्नाटक के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने गुरुवार को कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में कोई भी स्थिर सरकार नहीं दे सकता. कुमारस्वामी ने अपनी सरकार गिर जाने के दो दिन बाद यह बात कही. कुमारस्वामी ने कहा कि कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन के बागी विधायकों के इस्तीफों ने राज्य को उपचुनावों की ओर धकेल दिया.
कार्यवाहक मुख्यमंत्री ने कहा, "आप या तो विकासात्मक गतिविधियों पर ध्यान दें या 20 से 25 जगहों में उपचुनाव पर, बीजेपी ने एक ऐसा माहौल बना दिया है? हम यह नहीं मान सकते कि चुनावों के बाद भी सरकार स्थिर रहेगी."
कुमारस्वामी ने यह बात कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रामलिंगा रेड्डी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कही. कुमारस्वामी ने कहा कि उन्होंने गठबंधन सरकार के समर्थन में अपना इस्तीफा वापस लेने के लिए रामलिंगा का आभार जताया.
गौरतलब है कि 23 जुलाई को विधानसभा में हुए शक्ति-परीक्षण में कुमारस्वामी सरकार अल्पमत में आ गई थी. कुमारस्वामी द्वारा पेश विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 99 और विरोध में 105 मत पड़े थे. इस तरह कुमारस्वामी सरकार के विश्वासमत हारने के बाद तीन हफ्ते से चले आ रहे सियासी नाटक का अंत हो गया था.
मॉब लिंचिंग: पीएम मोदी को पत्र लिखने के मामले में नेताओं ने एक-दूसरे पर साधा निशाना
Source: IOCL























