जम्मू: कठुआ जिले में IPL पर सट्टा लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि कठुआ जिले में कुछ लोग सट्टे का रैकेट चला रहे हैं. इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है और ये संख्या बढ़ सकती है.

जम्मू: जम्मू के कठुआ जिले में पुलिस ने आईपीएल पर सट्टा लगाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने फिलहाल इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और कुछ और गिरफ्तारियों से इनकार नहीं किया है.
कठुआ के एसएसपी शैलेंद्र कुमार मिश्रा के मुताबिक, कठुआ पुलिस को लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि जिले में कुछ लोग आईपीएल का रैकेट चला रहे हैं. उनके मुताबिक यह रैकेट युवाओं को बरगला रहा था और उन्हें उनके पैसे कुछ ही घंटों में दोगुना करने का लालच देकर फंसता था.
एसएसपी के मुताबिक, यह सारा गोरखधंधा आईपीएल बैटिंग के नाम से चल रहा था. शैलेंद्र मिश्रा के मुताबिक, कठुआ पुलिस ने इन शिकायतों पर अमल करने के लिए एक विशेष टीम गठित की. पुलिस के मुताबिक, इस मामले की छानबीन के दौरान उन्हें इस रैकेट का पूरा काम करने का तरीका तब सामने आया जब इस रैकेट के एक आरोपी कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया. पुलिस को उसके पास से एक रजिस्टर बरामद हुआ जिसके अंदर इस सारे गोरखधंधे का हिसाब किताब लिखा था.
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह बॉल टू बॉल, मैच टू मैच ओवर टू ओवर और यहां तक कि टॉस पर भी युवाओं से बैटिंग करवाते थे. पूछताछ के दौरान पुलिस को और भी सटोरियों के नाम पता चले हैं जिसके बाद दो और सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही इन गिरफ्तारियों का पता इस गिरोह के बाकी सटोरियों को लगा तो वह इलाके से फरार हो गए. अब तक इस मामले में अभी तक 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि तीन अन्य लोग नामजद हैं.
पुलिस ने इस मामले में कुछ बड़े नाम आने की भी उम्मीद जताई है. पुलिस के मुताबिक, अपने इस गोरखधंधे को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने फर्जी नाम पर सिमकार्ड निकाले थे जो सिमकार्ड सिर्फ एक मैच के लिए ऑन होते थे और उसके बाद इन सिमकार्ड का इस्तेमाल दोबारा नहीं होता था. पुलिस का दावा है कि यह सारा गोरखधंधा कंप्यूटर और लैपटॉप पर नहीं बल्कि एक रजिस्टर के सहारे चल रहा था.
Source: IOCL

























