Tripura: पीएम मोदी के पोस्टर पर डाल दी थी स्याही, चेहरा बिगाड़ने पर EC का एक्शन, सीनियर अधिकारी हुआ सस्पेंड
Tripura: चुनावी राज्य त्रिपुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर काली स्याही लगाने का मामला सामने आया था. इस मामले में एक अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है.

Tripura News: त्रिपुरा में इलेक्शन कमीशन (Election Commission) ने एक पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के चेहरे को खराब करने के आरोप में त्रिपुरा के एक सीनियर अधिकारी को सस्पेंड कर दिया. बीजेपी (BJP) की शिकायत के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी गिट्टे किरणकुमार दिनकरराव ने मामले में जांच के निर्देश दिए थे. कारण बताओ नोटिस का उचित जवाब न देने पर मत्स्य विभाग के अधीक्षक अजॉय दास को सस्पेंड कर दिया गया.
जांच रिपोर्ट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर दक्षिण त्रिपुरा जिले के जिला मजिस्ट्रेट को उन्हें निलंबित करने और दास के खिलाफ उचित नियम के प्रावधान के अनुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया था. इलेक्शन कमीशन ने दास को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है. दास के आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने के बाद मामले को दक्षिण जिला मजिस्ट्रेट के पास भेज दिया गया था.
काली स्याही से ढका पोस्टर
एक अधिकारी के बयान के अनुसार अजॉय दास एक व्यक्ति की दुकान पर गए और पीएम मोदी के पोस्टर को काली स्याही से ढक दिया. बीजेपी की ओर से इसकी शिकायत मिलने के बाद सीईओ ने मामले की जांच की और पाया कि सेक्टर अधिकारी ने यह काम अवैध रूप से किया है. शिक्षा मंत्री रतन लाल नाथ के नेतृत्व में बीजेपी ने इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी.
त्रिपुरा में चुनावी हलचल
बता दें कि, अगले महीने त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव होने हैं. राज्य में 16 फरवरी को चुनाव के लिए मतदान होगा. जिसके नतीजे 2 मार्च में आएंगे. बीजेपी ने 2018 में त्रिपुरा में पहली बार जीत दर्ज की थी. इस समय राज्य में सियासी पारा चढ़ा हुआ है. चुनाव के चलते राजनीति अपने चरम पर है. हर पार्टी चुनाव जीतने की जोर आजमाइश में लगी है.
ये भी पढ़ें:
मणिपुर में गोलियों से छलनी कर BJP नेता की हत्या, मुख्य आरोपी ने किया सरेंडर, दूसरा गिरफ्तार




















