बिहार में फिर आसमानी आफत, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने से 12 लोगों की गई जान
बारिश के इस मौसम में आकाशीय बिजली का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. राज्य में हर दिन कई लोगों की जान आकाशीय बिजली के चपेट में आने से हो रही है.

नई दिल्ली: बिहार के 6 जिलों में आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आकर बुधवार को 12 लोगों की मौत हो गयी. जानकारी के मुताबिक बुधवार को दोपहर तीन बजे तक बिहार के 6 जिलों में 12 लोगों की मौत बिजली गिरने की वजह से हुई. सबसे ज्यादा मौतें बेगूसराय जिले में रिकॉर्ड की गई हैं. बेगूसराय में बिजली गिरने की वजह से 7 लोगों की जान गई है. वहीं भागलपुर, मुंगेर, कैमूर, जमुई और गया जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है.
मौसम विभाग ने बाढ़ को लेकर जारी की चेतावनी मौसम विभाग ने बुधवार को बिहार में संभावित बाढ़ के संबंध में चेतावनी भी जारी की है और अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के लिए आगाह किया है. मौसम विभाग ने पत्र लिख कर बिहार सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव को अलर्ट किया है.
9 से 12 जुलाई के बीच बारिश की संभावना विभाग ने पत्र में बताया है कि हिमालय की तलहटी में मॉनसून ट्रफ के उत्तर की ओर शिफ्ट होने के कारण सिनॉप्टिक स्थिति और मार्गदर्शन के रूप में न्यूमेरिकल वेदर प्रेडिक्शन मॉडल के विश्लेषण के आधार पर, भारत - नेपाल सीमा और आस-पास के इलाकों में 9 जुलाई से और 12 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है. ऐसे में किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, सुपाल, मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा, पूर्व और पश्चिम चंपारण और शिवहर में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होगी. यह मॉडल बाद में पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा.
वहीं 17 जुलाई से पूरे राज्य में बारिश कम होने की संभावना है. ऐसे में प्रचलित नदी के स्तर को ध्यान में रखते हुए वर्षा की स्थिति बाढ़ की स्थिति को बढ़ा सकती है. इसलिए राज्य सरकार को उचित एहतियाती उपाय करने की सलाह दी जाती है. आगे के जानकारी समय-समय पर जारी सामान्य मौसम बुलेटिन और चेतावनी से दिया जाएगा.























