अरुणाचल प्रदेश: कांग्रेस ने बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को 5 हजार रुपये महीना देने का वादा किया
अरुणाचल प्रदेश: राज्य में 2014 में कांग्रेस की सरकार बनी थी. लेकिन 2016 में कांग्रेस के 42 में 37 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए. इसके बाद पेमा खांडू की अगुवाई में बीजेपी की सरकार बनी.

Arunachal Pradesh Assembly Elections 2019: अरुणाचल प्रदेश में सत्ता में वापसी की कोशिशों में लगी कांग्रेस ने स्टूडेंट्स को लेकर बड़े वादे किए हैं. कांग्रेस ने एलान किया है कि अगर राज्य में उसकी सरकार बनती है तो वह बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को 5 हजार रुपये महीना देगी. इतना ही नहीं हायर एजुकेशन के लिए गरीब स्टूडेंट्स को कांग्रेस ने 20 लाख रुपये तक देने की बात भी कही है.
राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष तकाम ने बीजेपी की सरकार पर रोजगार मुहैया ना करवाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा, ''हम बेरोजगार युवाओं को 60 हजार रुपये सलाना देकर उनकी मदद करना चाहते हैं.'' इससे पहले बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में 12th पास करने वाले स्टूडेंट्स को हायर एजुकेशन के लिए लोन देने का वादा किया था.
कांग्रेस ने राज्य के लोगों के लिए एक बार फिर 5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा स्कीम को दोबारा लाने का एलान किया है. कांग्रेस ने यह भी कहा है कि वह बीपीएल परिवारों के लिए जरूरी न्यूट्रिशन वाली खुराक भी मुहैया करवाएगी.
बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी होने हैं. 2014 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी. लेकिन 2016 में राज्य में बड़ा उलटफेर देखने को मिला और कांग्रेस के 42 में से 37 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए. इसके बाद बीजेपी ने राज्य में पेमा खांडू की अगुवाई में अपनी सरकार का गठन किया.
बीजेपी Vs कांग्रेस: जानें दोनों पार्टियों के घोषणापत्र में क्या कुछ है खास





















