Garlic Chutney Recipe: लहसुन चटनी खाकर मुंह ले दुर्गंध, ऐसे बनाएंगे तो नहीं होना पड़ेगा शर्मिंदा
लहसुन की चटनी का चटपटा स्वाद तो हर किसी को पसंद आता है, लेकिन इसकी तेज गंध लोगों को परेशान करती है. जानिए चटनी बनाते समय ऐसा क्या मिलाएं जो बदबू को दूर भगाए

लहसुन की चटनी का नाम सुनते ही कई लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. दाल-बाटी हो, पराठा हो या फिर कोई चटपटा नाश्ता, इसके साथ लहसुन की चटनी खाने का मजा ही अलग होता है. खासकर राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में लहसुन की तीखी चटनी खाने का खूब चलन है. लेकिन इसके शौकीन लोग भी कई बार इसे खाने से बचते हैं, क्योंकि खाने के बाद मुंह से तेज गंध आने लगती है. कई बार यह गंध इतनी देर तक बनी रहती है कि लोगों के सामने बात करने में भी झिझक महसूस होती है. दरअसल, लहसुन में सल्फर वाले गुण होते हैं, जो इसकी तेज गंध के लिए जिम्मेदार होते हैं. ये सांसों में भी बदबू पैदा करते हैं. पर चटनी बनाते समय कुछ चीजों का इस्तेमाल करके इसके तीखेपन और गंध को कम किया जा सकता है.
लहसुन को हल्का भूनकर बनाएं चटनी
अगर आपको कच्चे लहसुन की तेज गंध पसंद नहीं है, तो चटनी बनाने से पहले इसकी कलियों को हल्का भून लें. इससे लहसुन का कच्चापन और तीखापन कम हो जाता है. ध्यान रखें कि इसे ज्यादा न जलाएं, वरना स्वाद कड़वा हो जाता है. इसके साथ चटनी में थोड़ा नींबू का रस भी मिला सकते हैं. नींबू का खट्टापन लहसुन के तीखे स्वाद को संतुलित करता है और चटनी को ज्यादा चटपटा बनाता है.
यह भी पढ़ें : Mooli Paratha Tips: मूली के पराठे बेलते समय फट क्यों जाते हैं? आटा लगाते समय करें ये काम
पुदीना, धनिया और दही का करें इस्तेमाल
लहसुन की चटनी में पुदीना और हरा धनिया मिलाने से उसका स्वाद और खुशबू बेहतर हो जाती है. पुदीने की ताजगी सांसों की गंध को कुछ समय के लिए कम करने में मदद करती है. वहीं, अगर आपको बहुत तीखी चटनी पसंद नहीं है, तो इसमें थोड़ा ताजा दही मिला लें. इससे चटनी का स्वाद हल्का और मलाईदार हो जाता है. दही और हरी पत्तियों के साथ लहसुन का तीखापन भी संतुलित हो जाता है.
खाने के बाद इन बातों का रखें ध्यान
लहसुन की चटनी खाने के बाद मुंह की सफाई करना भी जरूरी है. इसके लिए पानी से अच्छी तरह कुल्ला करें और दांतों के साथ जीभ की सफाई भी करें. आप पुदीने की कुछ पत्तियां चबा सकते हैं या दूध पी सकते हैं.
यह भी पढ़ें : Moong Dal Halwa: इस तरह बनाएं मूंग दाल का हलवा, नहीं पड़ेगी बाजार से लाने की जरूरत






















