'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में आएगा नया ट्विस्ट, सुवर्णा का हो सकता है पर्दाफाश
सीरियल की कहानी में अभी अनमोल और मानसी की प्री-वेडिंग फंक्शन को दिखाया जा रहा है. इस शादी में कार्तिक और नायरा दोनों पहुंचे हैं और यहीं से ही इन दोनों में एक बार फिर से नजदीकियां भी बढ़ने लगी हैं.

स्टार प्लस के शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में कार्तिक और नायरा की नजदीकियां एक बार फिर बढ़ने से सीरियल की कहानी दिलचस्प हो गई है. फैंस को सीरियल में कार्तिक और नायरा का करीब आना पसंद आ रहा है. इस बात का सबूत यह है कि टीआरपी रेटिंग्स में 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फिर से टॉप 5 में जगह बनाने में कामयाब हो गया है.
सीरियल की कहानी में अभी अनमोल और मानसी की प्री-वेडिंग फंक्शन को दिखाया जा रहा है. इस शादी में कार्तिक और नायरा दोनों पहुंचे हैं और यहीं से ही इन दोनों में एक बार फिर से नजदीकियां भी बढ़ने लगी हैं. शादी के दौरान जहां सुहाषिनी कार्तिक और नायरा को एक करने की कोशिश में लगी है, तो वहीं सुवर्णा ऐसा बिल्कुल भी नहीं होने देना चाहती. सुवर्णा की कोशिश है कि कार्तिक की दूसरी शादी करवा के इनके एक होने की उम्मीदों को बिल्कुल खत्म कर दिया जाए.
हालांकि ताजा मीडिया रिपोर्ट्स में जल्द ही सुवर्णा के राज का पर्दाफाश होने वाला है. कार्तिक को नायरा से दूर करने के लिए सुवर्णा ने आशी को वापस बुलाया है. लेकिन अब सुहाषिनी को इस बात की भनक लग जाएगी कि सुवर्णा कार्तिक को नायरा के करीब नहीं आने देना चाहती है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर सुवर्णा सुहाषिनी को बात नहीं मानती है तो वह उसके खिलाफ कड़ा कदम भी उठा सकती है. हालांकि कहानी में असल ट्विस्ट क्या आएगा यह जानने के लिए फैंस को सीरियल में आगे के एपिसोड देखने होंगे.



















