शाहरुख खान की ‘रईस’ पर बैन के बाद पाकिस्तान में रिलीज होगी 'रनिंगशादी डॉट कॉम'

मुंबई: निर्देशक अमित रॉय की फिल्म 'रनिंगशादी डॉट कॉम' 17 फरवरी को पाकिस्तान में रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म में अभिनेत्री तापसी पन्नू और अभिनेता अमित साध मुख्य भूमिकाओं में हैं.
अभिनेता शाहरुख खान और पाकिस्तानी अदाकारा माहिरा खान स्टारर फिल्म 'रईस' को कंटेंट ठीक न होने की वजह से सोमवार को प्रतिबंधित कर दिया गया. इसके बाद 'रनिंगशादी डॉट कॉम' की रिलीज से जुड़ी खबर आई.
रॉय ने एक बयान में कहा, "मुझे लगता है दोनों देशों के बीच के संबंधों को आगे ले जाने के लिए यह अच्छा तरीका है, क्योंकि ऐसी सभी चीजों पर प्रतिबंध लगाने से, जिन्हें दोनों देशों में पसंद किया जाता है, दोनों देशों के संबंध आगे नहीं बढ़ेंगे."
पाकिस्तान में बॉलीवुड फिल्मों पर लगाया गया बैन एक फरवरी को फिल्म 'काबिल' की रिलीज के साथ खत्म हुआ. अब 'रनिंगशादी डॉट कॉम रिलीज के लिए तैयार है.'
फिल्म के सह-निर्माता विक्रम मल्होत्रा ने कहा, "रनिंगशादी डॉट कॉम के पाकिस्तान में रिलीज होने से हम सभी खुश हैं. इसकी कहानी बेहद मनोरंजक है, खासकर युवाओं के लिए है. मुझे उम्मीद है कि दुनियाभर के लोग इसे पसंद करेंगे."
पिछले सप्ताह, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भारतीय फिल्मों पर से बैन हटाने को कहा था. हालांकि, सिनेमाघरों में वहीं फिल्में दिखाई जा सकती हैं, जिन्हें सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिली हो.
पिछले साल सितंबर में जम्मू एवं कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के शिविर पर पाकिस्तान स्थित आतंकियों द्वारा किए गए हमले और इसके जवाब में भारत की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था.
इसके बाद पाकिस्तान में सिनेमा मालिकों ने दोनों देशों के बीच बेहतर माहौल होने तक भारतीय फिल्मों को बैन करने का फैसला लिया था.




















