'पवित्र रिश्ता' में इस तरह से हुई थी सुशांत सिंह राजपूत की एंट्री, एकता कपूर ने 11 साल बाद अब किया खुलासा
इस सीरियल में अंकिता लोखंडे ने अर्चना और सुशांत सिंह राजपूत ने मानव का रोल निभाया था. दोनों की जोड़ी को ज़ी टीवी के दर्शकों ने काफी पसंद किया. ये शो लंबे वक्त तक टीआरपी में भी काफी आगे रहा.

नई दिल्ली: एक वक्त पर सुपरहिट रहे एकता कपूर के सीरियल 'पवित्र रिश्ता' के पहले एपिसोड के टेलेकास्ट को 11 साल पूरे हो गए हैं. इस मौके पर एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सीरियल का एक छोटा सा वीडियो क्लिप शेयर किया और साथ ही इस बात का भी खुलासा किया कि किस तरह उन्होंने सीरियल में मानव के रोल के लिए सुशांत सिंह राजपूत को फाइनल किया था.
एकता ने वीडियो साझा करने के साथ सुशांत सिंह को सीरियल में लीड रोल में कास्ट किए जाने का किस्सा भी शेयर किया. उन्होंने लिखा, "50 में से 35 स्लॉट्स होने के बावजूद हम टॉप 50 से बाहर थे. ये शो एक चांस था, जो ज़ी टीवी ने दिया था, जो कि 'तिरुमतिसेलवम' शो पर आधारित था. ऐसे लड़के को लीड रोल के लिए कास्ट करना चाहती थी, जोकि हमारे ही दूसरे शो में सेकंड लीड निभा रहा था. ज़ी के क्रिएटीव इस बात पर अड़े थे कि वो रोल में नहीं जमेगा. हमने उन्हें मनाया कि उसकी मुस्कुराहट लाखों लोगों के दिलों को जीत सकती है... और सुशांत सिंह राजपूत ने ये किया."
आपको बता दें कि इस सीरियल में अंकिता लोखंडे ने अर्चना और सुशांत सिंह राजपूत ने मानव का रोल निभाया था. दोनों की जोड़ी को ज़ी टीवी के दर्शकों ने काफी पसंद किया. ये शो लंबे वक्त तक टीआरपी में भी काफी आगे रहा. सीरियल के पहले एपिसोड को 1 जून 2009 को टेलेकास्ट किया गया था और आखिरी 25 अक्टूबर 2014.
हालांकि बाद में सुशांत सिंह के शो छोड़ने के बाद हितेन तेजवानी ने उनका रोल निभाया था. इसके अलावा अर्चना-मानव के बाद पूर्वी और अर्जुन यानी आशा नेगी और रित्विक धनजानी ने सीरियल में लीड रोल निभाया. इनके किरदार को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था.



















