चुनावी महासंग्राम शुरू: यूपी और महाराष्ट्र में पीएम की रैलियां, राजस्थान शंखनाद करेंगे राहुल
लोकसभा चुनाव से पहले आगरा के मीना बाजार मैदान में पीएम की बड़ी रैली होने जा रही है. पीएम ने 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में भी आगरा से ही विजय शंखनाद किया था. राहुल गांधी जयपुर में जीत के लिए जोर लगाते दिखाएंगे, एक बार फिर नजर किसानों पर होगी.

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव में दो महीने से भी कम का वक्त बचा है, ऐसे में राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है. लोकसभा चुनाव प्रचार का आज से 'औपचारिक शंखनाद' होने जा रहा है. आज एक और जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी और महाराष्ट्र में दो रैलियां करेंगे तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी राजस्थान में रैली से चुनावी समर की शुरुआत करेंगे.
बीजेपी के लिए शुभ है यूपी का आगरा प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश के आगरा से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर रहे हैं. आगरा बीजेपी के लिए शुभ रहा है, साल 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 में विधानसभा चुनाव में प्रचार की शुरुआत आगरा से ही की थी. प्रधानमंत्री आगरा में गंगाजल परियोजना समेत करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. पीएम आगरा के मीना बाजार कोठी में करीब पौने दो घंटे का वक्त बिताएंगे.
पीएम दोपहर 3.15 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर आएंगे. 22 जनवरी को पीएम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में चुनावी बिगुल फूंकेंगे. प्रधानमंत्री के आगरा दौरे से पहले विरोध के स्वर भी उठ रहे हैं. एनएसयूआई, शिक्षामित्र और वाल्मीकि समाज पीएम के आगरा दौरे का विरोध कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक शहर में कुछ जगहों पर 'पीएम गो बैक' के पोस्टर भी लगाए गए.
महाराष्ट्र के सोलापुर में भी पीएम मोदी की रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के सोलापुर में एक रैली को संबोधित करेंगे, जानकारी के मुताबिक पीएम कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे. बीजेपी और शिवसेना की तनातनी के बीच प्रधानमंत्री का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. केंद्र और राज्य में बीजेपी की सहयोगी होने के बावजूद शिवसेना लगातार मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना करती रही है. शिवसेना और बीजेपी दोनों के ही नेता कथित तौर पर गठबंधन ना होने पर अलग-अलग चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं.
राजस्थान में राहुल गांधी का चुनावी शंखनाद पीएम मोदी के अलावा राहुल गांधी भी राजस्थान के जयपुर में किसान रैली के जरिए चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे. तीन राज्यों में सरकार बनने के बाद किसान कर्जमाफी को लेकर राहुल गांधी को धन्यवाद भी दिया जाएगा. राजस्थान सरकार ने भी किसानों के दो लाख रुपये तक के कर्जमाफी की घोषणा की है. कांग्रेस इस रैली के जरिए लोकसभा चुनाव से पहले किसानों का मूड भांपने की कोशिश करेगी. इसके साथ ही लगातार राफेल के मुद्दे को सरकार पर हमलावर राहुल गांधी इस रैली में भी राफेल का मुद्दा उठा सकते हैं. राहुल गांधी की रैली दोपहर 12 बजे होगी.
यूपी में राहुल गांधी ने अकेले लड़ने के संकेत दिए गल्फ़ न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में राहुल गांधी ने पहली बार यूपी में चुनावी तैयारी को लेकर 'मन की बात' की है. राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस को कमजोर समझने की ग़लती कोई न करे. राहुल का इशारा बीएसपी और समाजवादी पार्टी की तरफ है. कांग्रेस अध्यक्ष की मानें तो यूपी में कुछ ख़ास है कि पार्टी बहुत अच्छा कर सकती है.
यहां देखें वीडियो
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL


















