प्रियंका गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूछा- 2022 विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हो न?
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि 2014 में मोदी ने सबके बैंक खाते में 15 लाख रुपए भेजने का वादा किया था लेकिन आज तक किसी के खाते में पैसा नहीं गया.

अमेठी: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का जनाधार बढ़ाने और अपने भाई राहुल गांधी के लिए वोट मांगने अमेठी पहुंची कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं का जमकर उत्साह बढ़ाया. कार्यकर्ताओं के बीच पहुंची प्रियंका गांधी ने केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर हमला बोली. कार्यकर्ताओं से अपील की वह जनता के बीच जाकर सरकार की जुमलेबाजी का जवाब दें और उनका पोल खोलें.
अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं प्रियंका ने 'हमारा बूथ हमारा गौरव' अभियान के तहत कांग्रेस के बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक की. चुनावी तैयारियों को लेकर बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं से पूछा, ''तैयारी कर रहे हो आप चुनाव की? इस वाले की नहीं, 2022 के लिए? कर रहे हो?''
#WATCH Priyanka Gandhi Vadra, Congress General Secretary for eastern UP, while interacting with party workers in Amethi's Gauriganj: Tayyari kar rahe ho aap chunaav ki? Iss wale ki nahi, 2022 ke liye? Kar rahe ho? pic.twitter.com/PfuixUIhWk
— ANI UP (@ANINewsUP) 27 March 2019
बता दें साल 2022 में यूपी में विधानसभा चुनाव है. ऐसे में कांग्रेस चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा वोटरों को अपने पक्ष में करके राज्य की योगी सरकार को उखाड़ फेंकें.
उन्होंने कहा, ''हम गांवों में जाएं और बीजेपी की जुमलेबाजी का जवाब दें. लोगों को सच्चाई बताएं. सरकार की नाकामियां बतायें. जब तक हम लोग इन बातों को लेकर जनता के बीच नहीं जाएंगे तब तक लोगों को सच्चाई का पता नहीं लगेगा.''
प्रियंका गांधी बैठक विधान सभावार कर रही है. अमेठी विधानसभा के बूथ अध्यक्षों से बात करते हुए प्रियंका ने यह जानने की कोशिश की कि हम कैसे बूथ तक पहुंच बना सकते हैं. कांग्रेस वहां कैसे मजबूत होगी. प्रियंका ने कहा कि देश में सब कुछ कांग्रेस ने किया है.
उन्होंने कहा, ''दियासलाई से लेकर मिसाइल तक बना कर देने का काम कांग्रेस ने किया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तो केवल विश्व का भ्रमण कर रहे हैं. देश का किसान परेशान है. ना तो उसे खाद मिल रही है और ना ही उत्पाद का सही दाम.''
प्रियंका ने कहा कि हम जो कहते हैं, वह करते हैं. हमने कहा था कि किसानों का कर्ज माफ करेंगे तो हमने राजस्थान में किया. केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का कर्जा माफ करेंगे.
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने गरीब परिवारों को हर साल 72000 रुपये देने का वादा किया है. उसे हम पूरा करके दिखाएंगे. प्रियंका ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वह यूपी विधानसभा चुनाव को भी देखेंगी. 'अमेठी हमारा घर है, परिवार है और राहुल गांधी अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे. इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए.'
उन्होंने मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि वाराणसी में विकास के कोई काम नहीं हुए हैं. वहां लोग परेशान हैं. प्रियंका ने कहा कि बीजेपी प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी में 'टाइम पास' करने आती हैं और उन्हें अमेठी से कोई मतलब नहीं है.
उन्होंने कहा, 'मैं पिताजी (राजीव गांधी) के साथ अमेठी आया करती थी. मेरा बचपन यहां बीता है. मुझसे ज्यादा अमेठी के बारे मं कौन कौन समझ सकता है.' चुनाव लड़ेंगी या नहीं इस सवाल पर प्रियंका ने कहा अगर मेरी पार्टी कहेगी चुनाव लड़ना है तो जरूर लडूंगी खुद मेरी इच्छा है कि पार्टी के लिए काम करूं क्योंकि संगठन का बहुत काम है.
उन्होंने कहा कि मैंने कार्यकर्ताओं से कहा है कि इस चुनाव में यह बहुत महत्वपूर्ण है कि आप ठीक जनसंवाद करें, आप घर घर जाकर असलियत बताएं कि यह चुनाव इस देश को बचाने का चुनाव है इसमें राहुल जी की जीत नहीं इसमें देश की जीत होनी है.
अयोध्या में रामलला का दर्शन करेंगे या नहीं, इस सवाल पर प्रियंका ने कहा कि उन्होंने अपना कार्यक्रम अभी देखा नहीं है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिपण्णी पर कि चुनाव के समय मंदिरों की याद आती है, प्रियंका ने कहा कि उनको क्या मालूम कि मैं क्या करती हूं, उनको क्या मालूम कि मैं मंदिर जाती हूं या नहीं जाती हूं.
बता दें कि राज्य में सभी सात चरणों में मतदान है. पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल है जबकि अंतिम चरण का मतदान 19 मई को है. वोटों की गिनती 23 मई को होगी.
लोकसभा चुनावः ममता बनर्जी ने उड़ाया राहुल गांधी का मजाक, कहा- वह अभी बच्चे हैं
बड़ी खबरें: 'मिशन शक्ति' पर पीएम मोदी के संबोधन की चुनाव आयोग से शिकायत, आयोग ने मांगी भाषण की कॉपी


















