पेट्रोल-डीजल के दाम नई ऊंचाई परः जानें आपके शहर में किस रेट पर मिल रहा है फ्यूल
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के नोटिफिकेशन के मुताबिक पेट्रोल में 28 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 22 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है.

नई दिल्लीः अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और रुपये के एक्सचेंज रेट में गिरावट से शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दाम नई ऊंचाई पर पहुंच गये.
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के नोटिफिकेशन के मुताबिक पेट्रोल में 28 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 22 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है. दिल्ली में आज के लिये पेट्रोल 81.28 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 73.30 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गये हैं.
नोटिफिकेशन के मुताबिक पेट्रोल के दाम मुंबई में 88.67 रुपये, चेन्नई में 84.49 रुपये और कोलकाता में 83.14 रुपये प्रति लीटर हो गये जबकि डीजल क्रमश: 77.82 रुपये, 77.49 रुपये और 75.36 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है.
सभी महानगरों में दिल्ली में टैक्स की कम दरों की वजह से पेट्रोल, डीजल का दाम सबसे कम है. मुंबई में ईंधन पर बिक्रीकर या वैट सबसे ऊंचा है.
डॉलर के मुकाबले रुपये के एक्सचेंज रेट में गिरावट और विदेशों में कच्चे तेल के ऊंचे दाम की वजह से पेट्रोल की खुदरा कीमतों में अगस्त महीने के मध्य से तेजी आई है. इस दौरान पेट्रोल 4.20 रुपये प्रति लीटर और डीजल 4.53 रुपये प्रति लीटर बढ़ा.
भारत को अपनी जरूरत का 80 फीसदी से अधिक कच्चा तेल बाहर से मंगाना पड़ता है. लोकल चार्ज और परिवहन शुल्क के चलते अलग-अलग शहरों और विभिन्न पंपों में ईंधन के दाम अलग-अलग होते हैं.
दिल्ली में इंडियल ऑयल के पेट्रोल पंप में पेट्रोल 81.28 रुपये प्रति लीटर है जबकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्प लिमिटेड (एचपीसीएल) के पंपों पर इसकी कीमत 81.37 रुपये है. इसी प्रकार, एचपीसीएल के पंप में डीजल 73.39 रुपये और आईओसी में 73.30 रुपये प्रति लीटर है.






















