मारुति सुजुकी ने किया कमालः एक महीने में बेची 1.40 लाख से ज्यादा गाड़ियां

नई दिल्लीः कार बाजार में बहार छाई हुई है कम से कम बाजार की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी के अप्रैल के आंकड़े तो यही बताते हैं. कंपनी ने कारोबारी साल 2017-18 के पहले महीने यानी अप्रैल में घरेलू बाजार 1.44 लाख से भी ज्यादा गाड़ियां बेची हैं. एक महीने में बिक्री की ये अब तक की सबसे बड़ी संख्या है जो मारुति सुजुकी ने हासिल की है.
अगर निर्यात को शामिल कर लें तो अप्रैल के महीने में कुल बिक्री 1.5 लाख से भी ज्यादा हो गयी. बीते साल के अप्रैल के मुकाबले घरेलू बाजार में बिक्री में 23 फीसदी से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि निर्यात में करीब 30 फीसदी की कमी दर्ज की गयी. फिर भी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजार को मिलाकर बिक्री में करीब 20 फीसदी की बढ़त हुई है.
हर सेगमेंट में कंपनी के मॉडल की बाजार में मांग रही है. ऑल्टो और वैगनआर जैसी छोटी कारें करीब 39 हजार बिकी और इसमें 22 फीसदी तक की बढत आई है. वही कॉम्पैक्ट यानी स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, डिजायर, डिजायर टुअर और बलैनो की बात करें तो यहां बिक्री में 39 फीसदी से ज्यादा की तेजी आयी और बिक्री का आंकड़ा साढ़े 63 हजार के पार चला गया. सियाज जैसे मिड साइज कार की बिक्री 23 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 7 हजार के करीब पहुंच गई है.
कार की बिक्री बढ़ने का मतलब ये है कि मैन्यूफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा. ध्यान देने की बात ये है कि मैन्यूफैक्चरिंग में तेजी का मतलब रोजगार के ज्यादा से ज्यादा मौके तैयार होने से हैं. वैसे भी ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मुहैया कराता है.
























